ब्रजविहार कॉलोनी का मामला: गड्‌ढे में मुरुम की जगह मिट्‌टी डाल रहे थे, लोगों ने विरोध कर लौटाया

[ad_1]

बड़वानी25 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
कॉलोनी में मिट्‌टी से गड्‌ढे भरने पर लोगों ने विरोध किया। - Dainik Bhaskar

कॉलोनी में मिट्‌टी से गड्‌ढे भरने पर लोगों ने विरोध किया।

नगरपालिका द्वारा शनिवार को दोपहर में ब्रज विहार कॉलोनी की सड़क की मरम्मत के लिए जेसीबी भेजी गई। वहां मुरुम नहीं मिली ताे जेसीबी चालक द्वारा कुछ लोगों के कहने पर गड्ढों में मिट्‌टी डालने का काम शुरू किया गया। इस पर महिलाओं ने विरोध कर बताया कि मिट्‌टी डालने से कीचड़ और होगा। विरोध के बाद चालक जेसीबी लेकर चला गया। कॉलोनी में जगह-जगह सड़कों पर बारिश का पानी भरा हुआ है। वहीं गड्ढों का पता नहीं चलने से लोग दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। लोगों ने सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।

लोगों ने बताया शनिवार को ही सुबह बाइक फिसलने से एक व्यक्ति और उनका बेटा गिर गए थे। राहत की बात है कि दोनों को गंभीर चोट नहीं आई। लोगों ने बताया कुछ कॉलोनी में बड़े वाहनों की आवाजाही होती है। इस कारण गड्ढे बड़े हो रहे हैं। लेकिन जिम्मेदार इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। दरअसल पिछले सप्ताह 11 सितंबर को नर्मदा कान्वेंट स्कूल में दैनिक भास्कर ने रुबरु कार्यक्रम आयोजित किया था। इसमें वार्ड 3 स्थित ब्रज विहार के लोगों ने सड़कों के गड्ढों से निजात दिलाने की मांग उठाई थी।

वहीं कुछ लोगों ने बताया था कि कॉलोनी में मुरुम का ढेर लगा है। इसको लेकर शनिवार को नगरपालिका ने जेसीबी भी भेजी थी। लेकिन कॉलोनी में मुरुम नहीं मिली न ही नपा द्वारा मुरुम डलवाई गई। इस कारण सड़क के गड्ढों की समस्या का निराकरण नहीं हो सका।

खाली प्लाट पर जमा मिट्‌टी उठाने का किया विरोध
कुछ लोगों के कहने पर चालक ने जेसीबी से खाली प्लाट पर पड़ी मिट्‌टी गड्ढों में डालने का प्रयास किया। लेकिन आसपास रहने वाले लोगों ने विरोध कर मिट्‌टी नहीं उठाने दी। लोगों का कहना था कि मिट्टी हटाने पर खाली प्लाट में बारिश का पानी जमा होगा। इससे मच्छर पनपने के साथ बीमारी फैलेगी। वहीं कीचड़ की समस्या खत्म नहीं होगी।

मिट्‌टी डालने से होगा कीचड़, इसलिए दोनों जेसीबी लौटाई
महिलाओं ने बताया घर के बाहर कीचड़ हो गया है। सड़कों पर गड्ढों में बारिश का पानी जमा होने से लोग दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। कीचड़ व गड्ढों के कारण बच्चे खेल नहीं पा रहे हैं। वहीं मिट्‌टी डालने से और कीचड़ होगा। सड़क की मरम्मत के लिए कई बार नपा अध्यक्ष व अफसरों को शिकायत की। लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।

गांव से बदतर हुई नवलपुरा रोड
नवलपुरा रोड की स्थिति गांवों की सड़कों से बदतर हो गई है। यहां जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। एक व्यापारी ने बताया पिछले दिनों रिश्तेदार आए थे। रिश्तेदारों ने सड़क की हालत देखकर कहा, कि यहां की सड़क गांव से भी बदतर है। लंबे समय से नवलपुरा रोड निर्माण को लेकर लोग मांग कर रहे हैं। कुछ समय पहले पार्षदों ने सांसद के साथ सीएम से मिलकर मांग भी की थी। लेकिन अब तक सड़क निर्माण के प्रस्ताव को मंजूरी नहीं मिली है। वहीं सेगांव में गोशाला रोड पर सीवरेज परियोजना में पाइप लाइन डालने के बाद निर्माण एजेंसी ने गड्ढे भर दिए थे।

वहीं सीवरेज प्रोजेक्ट ने शहर की सड़कों की हालत बदतर कर दी है। परियोजना के तहत शहर की विभिन्न कॉलोनियों में पाइप लाइन डालने व चैंबर बनाने के लिए सड़कें खोदी थी। पाइप लाइन डालने के बाद सड़कों की मरम्मत नहीं की गई। गड्ढों को मलबे व मुरुम से भर दिया गया। इसके चलते अब लोग परेशानी का सामना कर रहे हैं।

खबरें और भी हैं…
[ad_2]
Source link

Related Articles

Back to top button