KORBA BREAKING: जल जीवन मिशन के लंबित भुगतान को लेकर ठेकेदारों का आंदोलन तेज, 17 जुलाई को विधानसभा घेराव; आज कोरबा में रणनीति बैठक

कोरबा, 16 जुलाई 2026। जल जीवन मिशन (जेजेएम) के तहत पिछले करीब दो वर्षों से लंबित भुगतानों को लेकर प्रदेशभर के ठेकेदारों का आंदोलन तेज हो गया है। छत्तीसगढ़ कांट्रेक्टर एसोसिएशन के आह्वान पर 17 जुलाई (शुक्रवार) को रायपुर में छत्तीसगढ़ विधानसभा का घेराव किया जाएगा।
आंदोलन की तैयारियों के तहत कोरबा कांट्रेक्टर एसोसिएशन ने गुरुवार शाम 6 बजे घंटाघर स्थित दक्षिण कैफे (पूर्व में शुभम रेस्टोरेंट) में जिले के पीएचई (लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग) से जुड़े सभी ठेकेदारों की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। एसोसिएशन ने सभी संबंधित ठेकेदारों से बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित होने की अपील की है।
एसोसिएशन का कहना है कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत कराए गए निर्माण कार्यों का भुगतान लंबे समय से लंबित है। भुगतान नहीं मिलने से ठेकेदारों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है और कई निर्माण कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
बैठक में विधानसभा घेराव की रणनीति, रायपुर कूच की तैयारियों तथा कोरबा जिले से अधिक से अधिक ठेकेदारों की भागीदारी सुनिश्चित करने सहित आंदोलन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। एसोसिएशन ने सरकार से लंबित भुगतान का शीघ्र निराकरण करने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।




