Chhattisgarh

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिमगा में सुशासन दिवस के रूप में मनाई गई पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती

कोरबा। जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र अंतर्गत विकासखण्ड पोड़ीउपरोड़ा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिमगा में 25 दिसंबर 2025 को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती को सुशासन दिवस के रूप में गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए विविध शैक्षणिक एवं जागरूकता कार्यक्रमों के साथ परिचर्चा का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व, कृतित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान की जानकारी दी गई। विद्यालय परिसर में उनके विचारों और आदर्शों पर आधारित चर्चा के माध्यम से सुशासन, लोकतंत्र, राष्ट्रवाद और नैतिक मूल्यों पर प्रकाश डाला गया।

संस्था के प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि स्व. वाजपेयी न केवल एक कुशल राजनेता थे, बल्कि एक संवेदनशील कवि, ओजस्वी वक्ता और दूरदर्शी राष्ट्रनायक भी थे। प्राचार्य ने विद्यार्थियों को उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की भावना के साथ समाज एवं देश के हित में कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई और अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों पर अपने-अपने विचार व्यक्त किए। सुशासन दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में अच्छे प्रशासन, नैतिक मूल्यों और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करना रहा।

Related Articles

Back to top button