KORBA: चलती कार में लगी भीषण आग, भाजपा नेता के भाई समेत 3 लोग बाल-बाल बचे

0.जेलगांव नेशनल हाईवे पर हादसा, कुछ ही मिनटों में जलकर खाक हुई कार
कोरबा,16 मई 2026। कटघोरा मार्ग स्थित जेलगांव नेशनल हाईवे पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया। रायपुर जा रही एक कार में अचानक आग लग गई, जिससे कुछ ही देर में पूरी कार जलकर खाक हो गई। कार में सवार भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री विकास महतो के भाई डॉ. विवेक रंजन महतो सहित तीन लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार डॉ. विवेक रंजन महतो अपने साथियों के साथ कोरबा से रायपुर जा रहे थे। इसी दौरान जेलगांव के पास कार के बोनट से अचानक धुआं निकलने लगा। चालक ने स्थिति को भांपते हुए तत्काल वाहन सड़क किनारे रोक दिया। धुआं बढ़ते देख डॉ. महतो और उनके साथ मौजूद अन्य लोग तुरंत कार से बाहर निकल आए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार से बाहर निकलने के कुछ ही सेकंड बाद आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी गाड़ी आग के गोले में तब्दील हो गई। सूचना मिलते ही हसदेव थर्मल पावर प्लांट एवं सीएसईबी की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
डॉ. विवेक रंजन महतो ने बताया कि यदि कुछ सेकंड की भी देरी हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने कहा कि सभी लोग सुरक्षित हैं और किसी को कोई चोट नहीं आई है।
घटना के बाद नेशनल हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर दरी पुलिस भी मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभालते हुए आवागमन सामान्य कराया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। दरी पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं फायर ब्रिगेड अधिकारियों ने गर्मी के मौसम में वाहनों की वायरिंग एवं तकनीकी जांच नियमित रूप से कराने की सलाह दी है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।




