Chhattisgarh

KORBA: बुधवारी आनंद बाजार पहुंचे आयुक्त, दुकानदारों से की भेंट, सम्पूर्ण परिसर में प्रकाश व्यवस्था व मिनी चैपाटी के रूप में विकसित करने के दिये निर्देश

0 पौनी पसारी मैदान के चारो ओर निगम ने बनाई है 50 दुकानें, सड़क पर दुकान लगाने वाले व्यवसायियों को इस आनंद बाजार में किया गया है विस्थापित

कोरबा 21 मई 2026 – आयुक्त आशुतोष पाण्डेय अपने नियमित प्रातः सायं भ्रमण के दौरान बुधवार शाम 08 बजे बुधवारी बाजार के सामने निर्मित आनंद बाजार पहुंचे, उन्होने शहर की सड़कों से आनंद बाजार में विस्थापित किये गये अतिलघु व्यवसायियों से चर्चा की तथा उन्हें सुविधापूर्ण स्थान प्राप्त होने पर बधाई व शुभकामनाएं दी। आयुक्त श्री पाण्डेय ने आनंद बाजार के उक्त सम्पूर्ण मैदान व परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था किये जाने एवं पौनी पसारी मैदान में लघु चैपाटी विकसित करने हेतु त्वरित कार्यवाही के निर्देश अधिकारियों को दिये।

यहाॅं उल्लेखनीय है कि शहर की सड़कों, मुख्य मार्गो के किनारे जमीन, फुटपाथ आदि में दुकानें लगाकर व्यवसाय करने वाले लघु व्यवसायियों को सुविधायुक्त स्थाई स्थल उपलब्ध कराने हेतु नगर निगम केारबा द्वारा बुधवारी बाजार के सामने पौनी पसारी मैदान के चारों ओर 50 दुकानों का निर्माण कर संबंधित व्यवसायियों को दुकानों का आबंटन किया गया है तथा उक्त परिसर की लगभग सभी दुकानों में संबंधित दुकानदारों द्वारा अपनी व्यवसाय का संचालन सुविधापूर्ण तरीके से प्रारंभ कर दिया गया है। अपने नियमित शहर भ्रमण के दौरान बुधवार शाम 08 बजे आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने आनंद बाजार में दस्तक दी, सम्पूर्ण परिसर का भ्रमण करते हुये व्यवसायियों से चर्चा की तथा उन्हें नई व सुविधापूर्ण दुकानें मिलने पर बधाई व  शुभकामनाएं दी। 

सम्पूर्ण परिसर में हो पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था

इस मौके पर आयुक्त श्री पाण्डेय ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि सम्पूर्ण परिसर में प्रकाश व्यवस्था व आकर्षक लाईटिंग का कार्य त्वरित रूप से करायें, ताकि रात्रि के समय वहाॅं पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित रहें। आयुक्त श्री पाण्डेय ने आनंद बाजार मुख्य प्रवेशद्वार को आकर्षक स्वरूप देने के साथ ही एक अन्य पुराने प्रवेश स्थल का चैड़ीकरण करने एवं इस हेतु आवश्यक कार्यवाही के निर्देश भी अधिकारियों को दिये।

विकसित होगी मिनी चैपाटी

आनंद बाजार के बीचो बीच पौनी पसारी के सामने मैदान को मिनी चैपाटी के रूप में विकसित किये जाने के निर्देश आयुक्त श्री पाण्डेय ने अधिकारियों को दिये। उन्होने कहा कि उक्त परिसर में पेवर ब्लाक बिछाकर एवं अन्य विकास कार्य व व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुये बुधवारी बाजार की बाउण्ड्रीवाल के किनारे-किनारे सड़क पर लगने वाले ठेलों, दुकानों को उक्त चैपाटी में विस्थापित करायें ताकि इन लघु व्यवसायियों को भी स्थाई व सुरक्षित स्थल व्यवसाय हेतु उपलब्ध हो सके तथा मुख्य मार्ग की सड़क पर असुरक्षित रूप से दुकानें भी न लगे।

मटका कुल्हड़ व्यवसायियों से अपील की आयुक्त ने

आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने बुधवारी बाजार के बाहर सड़क के किनारे व चैक पर पुनः मटका, कुल्हड़ व अन्य सामग्रियाॅं सजाकर व्यवसाय करने वाले व्यवसायियों से अपील करते हुये कहा है कि वे उन्हें आबंटित पौनी पसारी स्थल पर अपना व्यवसाय संचालित करें, आपको सुविधापूर्ण व व्यवस्थित स्थल व्यवसाय के संचालन हेतु उपलब्ध कराया गया है, अतः उक्त स्थल पर व्यवसाय करें तथा व्यवस्था बनाये रखने में सहयोग करें। यहाॅ उल्लेखनीय है कि मटका, कुल्हड व परम्परागत व्यवसाय करने वाले व्यवसायियों को पौनी पसारी शेड में पसरा दुकानें आबंटित कर उन्हें वहाॅं पर विस्थापित किया गया था, किन्तु इन व्यवसायियों द्वारा वहाॅं दुकानें न लगाकर बार-बार सड़क के किनारे व चैक पर दुकानें लगा ली जा रही है, जिससे यातायात व्यवस्था बिगड़ती है, जाम लगता है, आमजन को अनावश्यक परेशानी होती है, तो वहीं दुर्घटना आदि की संभावना बनी रहती है।

Related Articles

Back to top button