Chhattisgarh

Janjgir Champa : ढाबे के पास 1.24 किलो गांजा के साथ युवक गिरफ्तार, 50 हजार रुपए का मादक पदार्थ जब्त

जांजगीर-चांपा, 20 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में बिर्रा थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 1 किलो 240 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 50 हजार रुपए बताई गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी दौरान बिर्रा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बिर्रा स्थित उत्तम ढाबा के पास एक संदिग्ध युवक अवैध गांजा लेकर मौजूद है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रेड कार्रवाई करते हुए संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।

पुलिस की पूछताछ में युवक की पहचान शुभम केंवट (20 वर्ष), पिता गणेश केंवट, निवासी ग्राम डोमाडीह, थाना हसौद, जिला सक्ती के रूप में हुई। पुलिस ने नियमानुसार युवक और उसके पास मौजूद सामान की तलाशी ली। इस दौरान उसके कब्जे में रखे सफेद और लाल रंग के झोले से भूरे रंग के सेलो टेप में लिपटा हुआ गांजा बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, बरामद गांजे का कुल वजन 1.24 किलोग्राम है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 50 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस ने मादक पदार्थ को विधिवत जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा जिले में नशीले पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में थाना स्तर पर संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी के साथ मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय रखा गया है, ताकि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

इस कार्रवाई में बिर्रा थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव, प्रधान आरक्षक आर. लक्ष्मी कश्यप, दीपक तिवारी, रामसाय साहू सहित थाना बिर्रा के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button