Sports

IND vs SL Asia Cup 2022 Live: फाइनल की आस बनाए रखने के लिए हर हाल में चाहिए टीम इंडिया को जीत, श्रीलंका से होगी भिड़ंत

भारत और श्रीलंका के बीच एशिया कप सुपर-4 का तीसरा मुकाबला खेला जाएगा। श्रीलंका ने सुपर-4 का अपना पहला मुकाबला अफगानिस्तान के खिलाफ जीता है, जबकि भारत को पाकिस्तान ने हराया है।

IND vs SL Asia Cup 2022 Live: भारत और श्रीलंका के बीच एशिया कप 2022 सुपर-4 का तीसरा मुकाबला दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट टीम स्टेडियम में खेला जाएगा। सुपर-4 के अपने मुकाबले में रोहित शर्मा के नेतृत्व वाली भारतीय टीम को पाकिस्तान के हाथों 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। वहीं श्रीलंका ने अपने पहले सुपर फोर मुकाबले में अफगानिस्तान को 4 विकेट से हराया था।

भारतीय टीम जब मंगलवार को एशिया कप के ‘करो या मरो’ के ‘सुपर फोर’ मुकाबले में श्रीलंका के सामने होगी, तो उसे अपने गेंदबाजों से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की जरूरत होगी जबकि उसे ज्यादा प्रयोग से भी बचना होगा। चोटिल रविंद्र जडेजा, हर्षल पटेल और जसप्रीत बुमराह की अनुपस्थिति में भारत के पास गेंदबाजी विभाग में खिलाने के लिए ज्यादा विकल्प नहीं हैं। भारत रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ पांच गेंदबाजी विकल्प के साथ खेला था और यह फैसला टीम के पक्ष में नहीं रहा क्योंकि भुवनेश्वर कुमार का दिन अच्छा नहीं रहा।

पंत बनाम कार्तिक

टीम में ‘ऋषभ पंत बनाम दिनेश कार्तिक’ बहस जारी है जिससे टीम प्रबंधन ने तमिलनाडु के विकेटकीपर बल्लेबाज की जगह दीपक हुड्डा को खिलाया। वहीं कार्तिक को हालांकि पहले दो मैचों में बमुश्किल से बल्लेबाजी का मौका मिला। 

आवेश खान की हो सकती है वापसी

पांच गेंदबाजों की ‘थ्योरी’ में हार्दिक के चार ओवर काफी अहम हो जाते हैं। अक्षर पटेल को टीम में संतुलन प्रदान करने के लिए प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है, जिन्हें जडेजा की जगह बुलाया गया है। आवेश खान पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले अस्वस्थ थे, वह तीसरे विशेषज्ञ तेज गेंदबाज के तौर पर टीम में वापसी कर सकते हैं। 

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग इलेवन-

टीम इंडिया- रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, आर अश्विन, भुवनेश्वर कुमार, अवेश खान, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह।

श्रीलंका- पथुम निसानका, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), चरित असलंका, दनुष्का गुणथिलका, भानुका राजपक्षे, दासुन शनाका (कप्तान), वनिन्दु हसरंगा, चमिका करुणारत्ने, महेश थीक्षाना/प्रवीण जयविक्रमा, असिथा फर्नांडो, दिलशान मदुशंका।

Related Articles

Back to top button