Chhattisgarh

सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने जांजगीर-चांपा पुलिस की पहल, ब्लैक स्पॉट्स का संयुक्त निरीक्षण

जांजगीर-चांपा। जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को ध्यान में रखते हुए उन्हें कम करने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा ठोस पहल की गई है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में जिला परिवहन अधिकारी एवं सड़क निर्माण एजेंसियों के साथ मिलकर जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण आज संपन्न हुआ।

संयुक्त निरीक्षण के दौरान जिले के प्रमुख दुर्घटनाजन्य स्थानों का गहन अवलोकन किया गया। इनमें अमरताल मोड़ (पानी टंकी के पास), अकलतरा मोड़ पामगढ़, मुनूंद बौक जांजगीर, आजाद बौक बनारी, हथनेवरा चौक, तालदेवरी मोड़ बिर्रा, आरसमेटा चौक, मुलमुला चौक तथा खोखरा से पामगढ़ मार्ग शामिल रहे। इन सभी स्थानों पर सड़क की स्थिति, यातायात दबाव, दृश्यता और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री पाण्डेय ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए संबंधित सड़क निर्माण एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने, आवश्यकतानुसार स्पीड ब्रेकर के निर्माण एवं सुधार, स्पष्ट संकेतक बोर्ड लगाने, सड़क पर सफेद मार्किंग करने, सड़क किनारे पेड़-पौधों एवं झाड़ियों की कटाई-छंटाई करने, कैट आई और ब्लिंकर लगाने तथा सड़क शोल्डर की मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इन सभी सुरक्षा उपायों के प्रभावी रूप से लागू होने से जिले में सड़क दुर्घटनाओं में निश्चित रूप से कमी आएगी। उन्होंने संबंधित विभागों से समन्वय बनाकर तय समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को मजबूत करना और आम नागरिकों को सुरक्षित यातायात उपलब्ध कराना है, जिसके लिए आगे भी ऐसे निरीक्षण और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button