Chhattisgarh

DHAMTARI NEWS : ननि के 200 प्लेसमेंट सफाई कर्मचारियों को नहीं मिला दो माह से वेतन, 17 को करेंगे प्रदर्शन

0.सोमवार को काम बंदकर होगा धरना प्रदर्शन

धमतरी, 14 अक्टूबर। नगर निगम धमतरी में कार्यरत 200 प्लेसमेंट सफाई कर्मचारियों को दो माह का वेतन नहीं मिल पाया है। जिससे कर्मचारियों में आक्रोश है यदि दो दिन के भीतर उन्हें दो माह का वेतन नहीं दिया जाता है तो 17 अक्टूबर से सफाई कर्मचारी अनिश्चितकालीन आंदोलन करना शुरू कर देंगे। इस संबंध में संगठन ने निगम को पहले ही सूचना दे दी है।

त्योहार के पहले वेतन नहीं मिलने से सफाई प्लेसमेंट कर्मचारी व्यथित हैं। बार-बार निगम का कार्यालय का चक्कर लगाकर वे सभी थक चुके हैं। निगम मे प्लेसमेंट सफाई कर्मचारियों का दो माह का वेतन नहीं मिलने से आर्थिक बोझ बढ़ गया है। प्लेसमेंट सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष अविनाश मारोठे ,सचिव नरेश सोनी,उपाध्यक्ष सुरज भारती ने बताया कि नगर निगम में बार-बार जाकर बकाया वेतन की मांग कर चुके हैं लेकिन हमारी मांगों को अनसुना किया जा रहा है। निगम प्रशासन द्वारा फंड नहीं है कहकर गोलमोल जवाब दिया जाता है। आयुक्त विनय कुमार पोयाम से मिलकर कई बार अपनी समस्याओं से अवगत करा चुके हैं, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है।

यह भी पढ़े:-पूजा की थाल सजाकर महिलाओं ने समूह में की पूजा

शनिवार 15 अक्टूबर तक दो माह का वेतन नहीं मिलने की स्थिति में सोमवार 17 अक्टूबर को सभी सफाई कर्मचारी आंदोलन करेंगे। सोमवार को काम बंद धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इसकी सूचना निगम प्रशासन को दे दी गई है। इस अवसर पर राकेश नायक, टिकेश्वर सोना ,विक्की दीप, अनिल पात्रे,नोहर साहु,विनोद बंजारे ,संदीप ङोंगरे,सुभाष, विरेन्द्र सिन्दूर, परमेश्वर सोना व सभी सफाई कामगार उपस्थित थे। मालूम हो कि धमतरी नगर निगम में नियमित कर्मचारियों के साथ ही साथ में 200 प्लेसमेंट कर्मचारी कार्यरत हैं। प्रत्येक कर्मचारी को छह हजार रुपये वेतन दिया जाता है। वेतन नहीं मिलने से परेशान प्लेसमेंट सफाई कर्मचारी यूनियन ने सोमवार 17 अक्टूबर को काम बंदकर धरना प्रदर्शन के संबंध में नगर निगम प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है।

Related Articles

Back to top button