Chhattisgarh

कांग्रेस पार्षदों का फूटा गुस्सा : आरटीआई दबाने का आरोप, नगरपालिका अध्यक्ष व सीएमओ के खिलाफ सामान्य सभा में जबरदस्त हंगामा

जांजगीर–चाम्पा।।नगरपालिका जांजगीर-नैला की सामान्य सभा उस समय पूरी तरह हंगामे में तब्दील हो गई जब कांग्रेस पार्षदों ने नगरपालिका अध्यक्ष एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी पर सूचना के अधिकार के तहत मांगी गई जानकारी जानबूझकर दबाने का गंभीर आरोप लगाया। 72 विषयों के साथ बुलाई गई बैठक में भ्रष्टाचार और प्रशासनिक मनमानी को लेकर तीखा विरोध दर्ज किया गया।

बैठक प्रारंभ होते ही कांग्रेस पार्षदों ने नगरपालिका में महीनों पूर्व की गई खरीदी एवं खर्चों की जानकारी उपलब्ध न कराने को लेकर सदन में आक्रोश व्यक्त किया। पार्षदों ने आरोप लगाया कि यह लापरवाही नहीं बल्कि योजनाबद्ध तरीके से भ्रष्टाचार को छिपाने का प्रयास है।

कांग्रेस पार्षद विष्णु यादव ने सवाल उठाया कि जब प्रदेश सरकार सुशासन और भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति की बात करती है, तब जांजगीर नगरपालिका में आरटीआई को क्यों कुचला जा रहा है? यदि अध्यक्ष और सीएमओ पारदर्शिता से कार्य कर रहे हैं तो जानकारी देने में महीनों की देरी क्यों की जा रही है?

नेता प्रतिपक्ष प्रिंस शर्मा ने कहा कि चुने हुए कांग्रेस पार्षदों को लगातार नजरअंदाज किया जाना नगरपालिका अध्यक्ष एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी की जवाबदेही से बचने की मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि पार्षदों को सूचना नहीं दी जा रही है, इससे आम नागरिकों के अधिकारों पर भी सीधा हमला हो रहा है।

कांग्रेस पार्षद अरमान खान, देवराज सिंह चंदेल, श्रीमती रक्षा धीरज सिंह, श्रीमती रेखा सोनवान, श्रीमती जगदीश्वरी रवि सूर्यवंशी, अक्षय टेकाम, विजय अग्रवाल सहित अन्य पार्षदों ने एक स्वर में बेलगाम अफसरशाही और ठेकेदार–अधिकारी गठजोड़ पर सवाल उठाते हुए पारदर्शिता की मांग की।

हंगामे के चलते परिषद की बैठक लगभग एक घंटे तक बाधित रही। एजेंडे में शामिल विषयों को लेकर भी कांग्रेस पार्षदों ने बिना तैयारी और जल्दबाजी में लाए जाने का आरोप लगाया। पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष मोतीलाल डहरिया ने परिषद की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि पीआईसी के अधिकार क्षेत्र के विषयों को सामान्य सभा में लाना परिषद की गरिमा के विपरीत है।

बैठक के दौरान कांग्रेस पार्षदों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र आरटीआई की जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई, तो नगरपालिका अध्यक्ष एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी के खिलाफ आंदोलन और तेज किया जाएगा।

प्रभारी मुख्य नगरपालिका अधिकारी संजय सिंह ने पार्षदों की नाराजगी को देखते हुए समस्याओं के निराकरण का आश्वासन देकर बैठक की कार्यवाही समाप्त कराई, लेकिन कांग्रेस पार्षदों ने स्पष्ट किया कि अब केवल आश्वासन नहीं, ठोस कार्रवाई चाहिए।

Related Articles

Back to top button