CPL 2026: 20 चौके-छक्के… टूट गया 8 साल पुराना रिकॉर्ड, दासुन शनाका ने ठोका सबसे तेज शतक

कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) 2026 के 25वें मुकाबले में सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स के ऑलराउंडर दासुन शनाका ने सेंट लूसिया किंग्स के खिलाफ बल्ले से ऐसा कोहराम मचा दिया. दासुन शनाका ने इस मुकाबले में एक विस्फोटक पारी खेलते हुए कैरेबियन प्रीमियर लीग के इतिहास का सबसे तेज शतक ठोकने का रिकॉर्ड अपने नाम किया. इससे पहले ये रिकॉर्ड आंद्रे रसेल के नाम था. लेकिन दासुन शनाका ने उनके एक गेंद कम खेलते हुए ये कारनामा किया.
दासुन शनाका ने ठोका सबसे तेज शतक
सेंट लूसिया किंग्स ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, लेकिन दासुन शनाका की पारी ने उनके फैसले को गलत साबित कर दिया. पैट्रियट्स की पारी 10वें ओवर में बल्लेबाजी के लिए उतरे शनाका ने सिर्फ 39 गेंदों में शतक जड़ा. उन्होंने पहली ही गेंद से आक्रामक रुख अपनाया और सेंट लूसिया किंग्स के हर गेंदबाज की जमकर धुनाई की. उन्होंने पूरी पारी के दौरान 43 गेंदों का सामना किया और 281.39 के स्ट्राइक रेट से नाबाद 121 रन बनाए.
दासुन शनाका ने अपनी इस पारी में चौके-छक्कों की बारिश कर दी. उन्होंने कुल 8 चौके और 12 छक्के जड़े. ये दासुन शनाका के टी20 करियर का चौथा शतक रहा. जिसके दम पर सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 235 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. इस दौरान आंद्रे फ्लेचर ने भी एक कमाल की पारी खेली और 38 गेंदों पर 64 रन जड़ दिए. उनकी पारी में भी 6 चौके और 4 छक्के देखने को मिले.
CPL इतिहास के सबसे तेज शतक
दासुन शनाका: 39 गेंद (बनाम किंग्स, 2026)
आंद्रे रसेल: 40 गेंद (बनाम रेड स्टील, 2018)
टिम साइफर्ट: 40 गेंद (बनाम फाल्कन्स, 2025)
शिमरोन हेटमायर: 40 गेंद (बनाम ट्रिनबागो, 2025)
137 रनों से जीता मैच
इस बड़े टारगेट के जवाब में सेंट लूसिया किंग्स की बल्लेबाजी काफी खराब रही. पूरी टीम 13.5 ओवर में 98 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. यानी सेंट लूसिया किंग्स के 11 बल्लेबाज मिलकर भी दासुन शनाका के बराबर रन नहीं बना सके. इस दौरान जेरेमिया लुई ने कमाल की गेंदबाजी की और 2.5 ओवर में सिर्फ 10 रन खर्च करते हुए 5 विकेट हासिल किए. वहीं, वानिंदु हसरंगा और एशमीड नेड को 2-2 सफलता मिलीं. नसीम शाह ने भी 1 बल्लेबाज को अपना शिकार बनाया.




