धनेली मड़ई मेले में विधायक अनुज शर्मा की विकास सौगात, 58 लाख से बनेगा सामुदायिक भवन, बेलटुकरी में सीसी रोड का भूमिपूजन

धरसीवां विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनुज शर्मा ने ग्राम धनेली और बेलटुकरी में आयोजित वार्षिक मड़ई मेले में शामिल होकर ग्रामीणों को विकास कार्यों की महत्वपूर्ण सौगात दी। मेले के अवसर पर उन्होंने धनेली में 58 लाख रुपये की लागत से बनने वाले भव्य सामुदायिक भवन और बेलटुकरी के बाजार चौक में 5 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सीसी रोड निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन और शिलान्यास किया। इस दौरान ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया।

मेले में पहुंचे विधायक अनुज शर्मा ने क्षेत्रवासियों को मड़ई मेले की बधाई देते हुए कहा कि मड़ई छत्तीसगढ़ी संस्कृति, परंपरा और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के साथ अपनी सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजना भी हम सबका कर्तव्य है। उन्होंने धनेली में सामुदायिक भवन निर्माण को गांव के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह भवन सामाजिक कार्यक्रमों, शादी-ब्याह और सार्वजनिक बैठकों के लिए एक व्यवस्थित केंद्र के रूप में काम करेगा।
विधायक ने कहा कि ग्रामीणों से लगातार सामुदायिक भवन की आवश्यकता की बात सामने आ रही थी, जिसे ध्यान में रखते हुए राशि स्वीकृत की गई है। इससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को भी अपने पारिवारिक कार्यक्रमों के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए और कहा कि भवन ऐसा बने जिस पर आने वाली पीढ़ियां गर्व करें।
उन्होंने आगे कहा कि वास्तविक विकास वही है जो अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। सड़क, बिजली और पानी के साथ सामाजिक अधोसंरचना भी उतनी ही जरूरी है। धनेली की जनता ने जो विश्वास जताया है, उसे विकास कार्यों के माध्यम से लगातार मजबूत किया जाएगा और क्षेत्र के विकास में बजट की कमी नहीं आने दी जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने मेला परिसर का भ्रमण कर स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों से मुलाकात की। ग्रामीणों ने विकास कार्यों की स्वीकृति पर विधायक के प्रति आभार जताया।
इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा के साथ रायपुर जिला ग्रामीण अध्यक्ष श्याम नारंग, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, शकुंतला ढिलेन्द्र सेन, हरिशंकर वर्मा, नरेंद्र ठाकुर, पार्वती संतोष कुर्रे, सीता चंद्रप्रकाश कुर्रे, लोकेश नौरंगे, हिमांशु वर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और बड़ी संख्या में मेलार्थी उपस्थित रहे।




