CG Weather Update : छत्तीसगढ़ में अगले 4 दिनों तक इन क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना

रायपुर. छत्तीसगढ़ में बारिश से मौसम सुहाना हो गया है। राजधानी रायपुर में मंगलवार को घंटेभर बारिश हुई। निम्न दबाव का क्षेत्र बनने से प्रदेशभर में आज हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं कुछ इलाकों वज्रपात और भारी वर्षा हो सकती है। अलगे 4 दिनों में दक्षिणी छत्तीसगढ़ में तेज वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
पिछले 24 घंटों में, बिलासपुर, दुर्ग, रायपुर और बस्तर संभाग के जिलों में कई स्थानों पर मध्यम वर्षा हुई, जबकि बस्तर जिले में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हुई। इस दौरान सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रायपुर और राजनांदगांव में, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 4 दिनों तक दक्षिण छत्तीसगढ़ में भारी वर्षा होने और 24 जुलाई से पूरे छत्तीसगढ़ में वर्षा की तीव्रता बढ़ने की संभावना है। वहीं उत्तरी छत्तीसगढ़ में भी भारी बारिश हो सकती है। मानसून द्रोणिका माध्य समुद्र तल पर श्रीगंगानगर, रोहतक, लखनऊ, वाराणसी, डाल्टनगंज, जमशेदपुर, कॉटई और उसके बाद पूर्व की ओर उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी तक स्थित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण तटीय आंध्र प्रदेश और उसके आसपास स्थित है तथा यह 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक पूर्व पश्चिम द्रोणिका उत्तर अंदरूनी कर्नाटक से तटीय आंध्र प्रदेश के मध्य भाग तक 5.8 किलोमीटर ऊंचाई पर स्थित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण छत्तीसगढ़ और उसके आसपास 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है।
एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण उत्तर पूर्व झारखंड और उसके आसपास 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण उत्तर बंगाल की खाड़ी में अगले 24 घंटे में पहुंचने की संभावना है, इसके प्रभाव से अगले 48 घंटे में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।
राजधानी रायपुर में आज बादल छाए रहने के साथ बारिश की संभावना जताई गई है. इस दौरान अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।