Chhattisgarh

CG Placement Camp : जिले में 27 नवंबर को भव्य रोजगार मेला, 50 पदों पर सीधी भर्ती का मौका

एमसीबी/21 नवम्बर 2025/ जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर उपलब्ध करवाते हुए जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र द्वारा 27 नवंबर 2025 को भव्य रोजगार मेला/प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार यह रोजगार मेला युवाओं को निजी क्षेत्र में सीधी नियुक्ति का अवसर प्रदान करेगा। प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन लालपुर स्थित शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था में सुबह 11:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक किया जाएगा, जिसके लिए जिलेभर से युवाओं के बड़ी संख्या में पहुंचने की उम्मीद है।

इस कैंप में शामिल होने के लिए प्रतिष्ठित निजी संस्थान योकोहामा इंडिया प्रा. लि. (ATC Tires), दहेज, गुजरात ने महिला अभ्यर्थियों के लिए मशीन ऑपरेटर के 50 रिक्त पदों की जानकारी रोजगार कार्यालय को प्रदान की है। इन पदों के लिए बीए, बीएससी, बीकॉम, आईटीआई और डिप्लोमा उत्तीर्ण युवा महिलाएं आवेदन कर सकती हैं। चयनित अभ्यर्थियों को प्रति माह 17,500 रुपये का वेतनमान प्राप्त होगा तथा कार्य स्थल दहेज, गुजरात होगा। रोजगार मेला पूर्णतः निःशुल्क है और इसमें भाग लेने के लिए किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।

प्लेसमेंट कैम्प में सम्मिलित होने के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों का ई-रोजगार पोर्टल में पंजीयन अनिवार्य किया गया है। इसके लिए अभ्यर्थी https://erojgar.cg.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं या गूगल प्ले स्टोर में उपलब्ध ‘सीजी रोजगार पंजीयन एप’ के माध्यम से भी पंजीकरण संभव है। केवल वही आवेदक प्लेसमेंट कैम्प में शामिल किए जाएंगे, जिनका पोर्टल में वैध पंजीयन उपलब्ध होगा। जिला रोजगार केंद्र ने अभ्यर्थियों से आग्रह किया है कि वे प्लेसमेंट कैम्प में उपस्थित होने के समय अपने साथ सभी आवश्यक दस्तावेज जैसे-शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता प्रमाण-पत्र, निवास एवं जाति प्रमाण-पत्र, रोजगार कार्यालय का पंजीयन प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड तथा पासपोर्ट आकार के फोटोग्राफ अवश्य लेकर आएं।

Related Articles

Back to top button