CG NEWS: सवारी छोड़ सड़क किनारे खड़ा किया ऑटो, चोर ले उड़ा; बोधघाट पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

जगदलपुर, 18 सितम्बर। बोधघाट थाना क्षेत्र में ऑटो चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया ऑटो क्रमांक CG 17 T 0648, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये है, बरामद कर जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान डेनियल नाग उर्फ दानियाल नाग (30 वर्ष), निवासी शांतिनगर वार्ड, जगदलपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी प्रदीप राय ने बोधघाट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 23 जून 2026 की शाम वह सवारी छोड़ने के लिए अब्दुल कलाम वार्ड मेन रोड पहुंचा था। ऑटो को सड़क किनारे खड़ा कर वह कुछ सामान लेने चला गया। वापस लौटने पर ऑटो मौके से गायब मिला। आसपास तलाश करने के बाद भी ऑटो का पता नहीं चला, जिसके बाद मामले की शिकायत बोधघाट थाने में दर्ज कराई गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनन्दन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में टीम ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए। फुटेज के आधार पर एक संदिग्ध की पहचान कर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में डेनियल नाग उर्फ दानियाल नाग ने ऑटो चोरी करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर चोरी गया ऑटो बरामद कर गवाहों के समक्ष जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक टामेश्वर चौहान, उपनिरीक्षक लोकेश्वर नाग, सहायक उपनिरीक्षक दिनेश उसेंडी, प्रधान आरक्षक लखेश्वर बघेल और आरक्षक परमानन्द भोयर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




