CG News: अंबिकापुर में पीलिया से 2 की मौत, कांग्रेस ने घेरा निगम कार्यालय, नवागढ़ इलाके में 60 मरीज

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र में पिछले 2 दिनों में पीलिया से दो लोगों की मौत के बाद नगर निगम की उदासीनता के विरोध में बुधवार को बुधवार को कांग्रेस ने नगर निगम कार्यालय का घेराव किया। नमनाकला खटिक पारा में रहने वाले दिव्यांश राय (13) निजी स्कूल में आठवीं का छात्र था। 19 फरवरी से तबीयत खराब होने पर उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पीलिया की पुष्टि हुई।
CG News: स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टर्स ने उसे रायपुर रेफर किया। परिजन रायपुर नहीं ले जा सके और मिशन अस्पताल में इलाज शुरू कराया। वहां हालत में सुधार नहीं हुआ तो मंगलवार को दूसरे निजी अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। नमनाकला वार्ड में अन्य लोग भी पीलिया से ग्रसित बताए गए हैं। जनपद पारा निवासी सोना लाल (40) की भी पीलिया से मौत हो गई। उसकी जांच नवापारा यूपीएचसी में हुई थी, जहां पीलिया की पुष्टि हुई। युवक ने 22 फरवरी को दम तोड़ दिया। CMHO पीएस मार्को ने छात्र और युवक की मौत की पुष्टि की। जिन क्षेत्रों में मौत हुई है, वहां स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे।
बता दें कि, शहर के नवागढ़ और मोमिनपुर क्षेत्र में पीलिया के करीब 60 मरीज मिले हैं। करीब एक महीने से इलाके में मरीज सामने आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने पेयजल की जांच कराई। कुछ सैंपल में ई-कोलाई बैक्टीरिया खतरनाक स्तर पर पाए गए।




