Chhattisgarh

CG Crime : सिर पर हमला और लूटपाट का खौफनाक तरीका, 8 आरोपी गिरफ्तार, एक मुठभेड़ में घायल

जांजगीर-चांपा। जिले में लूटपाट और जानलेवा हमलों से दहशत फैलाने वाले खतरनाक गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।पामगढ़ और शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में 5 अलग-अलग स्थानों पर वारदात को अंजाम देने वाले 8 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी मुठभेड़ में घायल हुआ है। लगातार सिर पर हमला कर लूटपाट करना इन बदमाशों का तरीका था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हथियार, वाहन, मोबाइल और नकदी समेत करीब 4 लाख 9 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।

जांजगीर-चांपा पुलिस ने कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले लूटपाट गिरोह का पर्दाफाश किया है। दिनांक 27 और 29 जनवरी की दरम्यानी रात पामगढ़ और शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में आरोपियों ने सुनसान रास्तों पर राहगीरों को रोककर बेरहमी से हमला किया। वारदात में 13 लोग घायल हुए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि एक पीड़ित कोमा में है और रायपुर अस्पताल में इलाज जारी है।शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के कचंदा गांव के पास नहर पार कच्चे रास्ते में आरोपियों ने एक के बाद एक तीन घटनाओं को अंजाम दिया, जहां पीड़ितों के सिर पर रॉड और डंडे से जानलेवा हमला कर मोबाइल और नकदी लूटी गई।

वहीं पामगढ़ थाना क्षेत्र में भी जोगिया नाला पुल, ग्राम मेउ और चेऊडीह पेट्रोल पंप के पास आरोपियों ने लूट और मारपीट की घटनाएं कीं। पुलिस की घेराबंदी के दौरान गिरोह का मास्टरमाइंड रामनाथ पुलिस पर फायरिंग करने लगा, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। पुलिस ने आरोपियों के पास से स्टील रॉड, लोहे के पाइप, डंडे, बेल्ट, KTM और अन्य मोटरसाइकिलें, स्कूटी, 10 मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने संगठित रूप से अपराध करना स्वीकार किया है। फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

Related Articles

Back to top button