CG CRIME : खिरसाली पारा में नदी किनारे चल रहा था जुआ, चांपा पुलिस ने 12 आरोपियों को पकड़ा; 30,760 रुपये नकद जब्त

जांजगीर-चांपा, 3 सितम्बर। जिले में जुआ और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चांपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खिरसाली पारा में जुआ खेल रहे 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से कुल 30,760 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश और एक बोरी फट्टी बरामद की है। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार 3 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चांपा के खिरसाली पारा में नदी किनारे सार्वजनिक स्थान पर कुछ लोग ताश की पत्तियों से रुपये-पैसे का दांव लगाकर काटपत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना चांपा पुलिस की टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की और मौके पर रेड कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुआ खेल रहे नीरज दास निवासी भोजपुर चांपा, विजय देवांगन निवासी थाना चौक चांपा, राजेश देवांगन निवासी संजय नगर चांपा, बबलू सेन निवासी बेलदारपारा चांपा, अरुण बघेल निवासी बेरियर चौक चांपा, प्रसाद मोहन निवासी बिरगहनी चौक थाना जांजगीर, विक्रम दास निवासी बिरगहनी थाना जांजगीर, भावेश दास निवासी संजय नगर चांपा, रितेश मिरी निवासी बरपाली चौक चांपा, दीपक सिंह निवासी राजापारा चांपा, हीरा सहिस निवासी बेरियर चौक चांपा और जगदीश दास निवासी बेरियर चौक चांपा को पकड़ा।
पुलिस ने मौके से सभी आरोपियों के फड़ एवं पास से कुल 30,760 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश और एक नग बोरी फट्टी बरामद की। जांच के दौरान आरोपियों का कृत्य छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध पाए जाने पर उन्हें मौके पर गिरफ्तार कर विधिवत कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई में TI चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह, आरक्षक ईश्वरी राठौर, गौरीशंकर राय, संजय केवंट, राहुल सूर्यवंशी सहित थाना चांपा स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।



