CG Crime : फॉरेक्स ट्रेडिंग में मुनाफे का लालच देकर 18.63 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। मुनाफे का सपना दिखाकर लाखों की ठगी का बड़ा मामला दुर्ग जिले से सामने आया है। फॉरेक्स ट्रेडिंग इंस्टीट्यूट खोलने और निवेश पर अच्छा मुनाफा दिलाने का भरोसा देकर 18 लाख 63 हजार रुपये से ज्यादा की धोखाधड़ी का आरोप लगा है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी मीनल चौहान को गिरफ्तार कर लिया है।
एएसपी शोजराज अग्रवाल ने बताया कि शिकायतकर्ता अक्षय राठौर कृषि व्यवसाय से जुड़े हैं। एक परिचित के ज़रिए उनकी मुलाकात 35 वर्षीय मीनल चौहान से हुई। उन्होंने कहा कि मीनल ने रायपुर के वीआईपी चौक स्थित करेंसी टावर में फिनविज़न ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट शुरू करने की बात कही और निवेश पर शानदार मुनाफे का प्रलोभन दिया।

दिसंबर 2025 से जून 2026 के बीच स्टाफ की सैलरी, ऑफिस किराया, मेंटेनेंस और विज्ञापन जैसे खर्चों के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों के जरिए कुल 21 लाख 96 हजार रुपये से ज्यादा की रकम ली गई। इसमें से सिर्फ करीब 3 लाख 33 हजार रुपये लौटाए गए, जबकि 18 लाख 63 हजार से ज्यादा बकाया रह गए।
शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) और 351(3) में मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कार भी जब्त की है। आरोपी अब न्यायिक रिमांड पर है। पुलिस ने अपील की है कि निवेश से पहले संस्था का पंजीयन जरूर जांचें। ठगी की आशंका हो तो साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें।




