Chhattisgarh

CG BREAKING:रायगढ़ राइस मिल हादसा: वेल्डिंग के दौरान लगी आग, दो मजदूर झुलसे, एक की हालत गंभीर

0.जूटमिल थाना क्षेत्र की घटना, 90% झुलसे श्रमिक को रायपुर रेफर; सुरक्षा लापरवाही पर उठे सवाल

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र में स्थित एक राइस मिल में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। वेल्डिंग कार्य के दौरान अचानक आग लगने से दो मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। इनमें से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी मोहम्मद तासिम (28) लंबे समय से रायगढ़ में रहकर सावित्री राइस मिल में कार्यरत था। वह अपने परिवार और ठेकेदार मोहम्मद शाहीद के साथ मिल में काम करता था। रविवार दोपहर मिल की मशीन में साइक्लोन जाम होने के कारण उसे ठीक करने के लिए वेल्डिंग का काम शुरू किया गया।

इसी दौरान नीचे जमा सूखा भूसा अचानक आग की चपेट में आ गया। आग तेजी से फैल गई और वहां काम कर रहे मोहम्मद तासिम व मोहम्मद शाहीद इसकी चपेट में आ गए। आग इतनी भीषण थी कि दोनों को संभलने का मौका नहीं मिला और वे बुरी तरह झुलस गए।

हादसे में मोहम्मद तासिम करीब 90 प्रतिशत तक झुलस गया है और उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। वहीं मोहम्मद शाहीद को हल्की चोटें आईं, जिसे उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

घटना के बाद मिल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया और दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल रायगढ़ पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने तासिम की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रायपुर रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही जूटमिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में वेल्डिंग के दौरान सुरक्षा उपायों की कमी और ज्वलनशील पदार्थों की मौजूदगी को हादसे का कारण माना जा रहा है।

फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि मिल प्रबंधन द्वारा सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। स्थानीय लोगों ने भी राइस मिलों में सुरक्षा व्यवस्था की अनदेखी पर चिंता जताई है।

Related Articles

Back to top button