CG BREAKING: विधानसभा के सामने आत्मदाह की चेतावनी: कथावाचक डॉ. रामानुरागी ने मंत्री पर लगाए भुगतान नहीं करने के आरोप

रायपुर, 15 मार्च। छत्तीसगढ़ में एक कथावाचक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने विधानसभा के सामने आत्मदाह करने की चेतावनी दी है। कथावाचक डॉ. रामानुरागी महाराज ने आरोप लगाया है कि कथा आयोजन के बाद उन्हें तय पारिश्रमिक नहीं दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो में डॉ. रामानुरागी ने आरोप लगाया कि मंत्री राजेश अग्रवाल के निवास पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के बाद उन्हें भुगतान नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि कई बार पैसे मांगने की कोशिश की, लेकिन हर बार उन्हें टाल दिया गया और धक्का देकर किनारे कर दिया गया।
कथावाचक का दावा है कि उन्होंने 2 जनवरी से 9 जनवरी 2026 तक अंबिकापुर के लखनपुर गांव में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया था। कथा समाप्त होने के बाद भी उन्हें मेहनताना नहीं दिया गया।
वीडियो में उन्होंने कहा कि संतों का अपमान किया जा रहा है और सवाल उठाया कि क्या सनातन धर्म की यही मर्यादा है। साथ ही उन्होंने सरकार से न्याय की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि उनकी बात नहीं सुनी गई तो वे छत्तीसगढ़ विधानसभा के सामने आत्मदाह कर सकते हैं।
फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले को लेकर संबंधित पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।




