Chhattisgarh

CG BREAKING: नहर से मिला व्यक्ति का शव, इलाके में फैली सनसनी; जांच में जुटी पुलिस

दुर्ग, 30 दिसंबर । भिलाई-3 थाना क्षेत्र अंतर्गत ट्रांसपोर्ट नगर छोटी पुलिया के पास स्थित नहर में मंगलवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सुबह करीब 8 बजे स्थानीय लोगों ने नहर के पानी में एक व्यक्ति को औंधे मुंह पड़ा देखा, जिसके बाद तत्काल भिलाई-3 थाना पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया गया। नहर में शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने तत्काल घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया और मामले की प्रारंभिक जांच शुरू की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान खुर्सीपार गौतम नगर निवासी सतीश प्रसाद (उम्र 44 वर्ष) के रूप में हुई है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला अस्पताल की मर्चुरी में रखवा दिया है। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मृतक नहर तक कैसे पहुंचा और घटना किन परिस्थितियों में हुई। भिलाई-3 थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

Related Articles

Back to top button