Chhattisgarh

CG BREAKING: सिमगा के पास रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर भीषण हादसा, सब्जी से भरा ट्रक आग में जलकर खाक; ड्राइवर-क्लीनर ने कूदकर बचाई जान

रायपुर, 03 अक्टूबर। रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर सिमगा के पास बनसांकरा के करीब शनिवार सुबह करीब 5 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सब्जी से भरा तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हादसे के तुरंत बाद ट्रक में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया और ट्रक जलकर पूरी तरह खाक हो गया।

हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि ट्रक में सब्जियां भरी हुई थीं। दुर्घटना के दौरान ट्रक के ड्राइवर और क्लीनर ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। दोनों के सुरक्षित बचने से बड़ा हादसा टल गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को जानकारी दी गई। दमकल वाहन की मदद से ट्रक में लगी आग पर काबू पाया गया। हालांकि, आग बुझाए जाने तक ट्रक का अधिकांश हिस्सा जल चुका था और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चालक को झपकी आने की वजह से ट्रक अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। दुर्घटना के बाद हाईवे पर यातायात व्यवस्था को भी सामान्य कराया गया।

Related Articles

Back to top button