CG BREAKING: प्रार्थना सभा के दौरान जहरीला फल खाने से 17 बच्चे बीमार, एक की हालत गंभीर

खैरागढ़। जिले के करमतरा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रार्थना सभा के दौरान अचानक बच्चे एक-एक कर चक्कर खाकर गिरने लगे। कुछ ही मिनटों में स्कूल परिसर में हड़कंप की स्थिति बन गई। शिक्षक व अन्य बच्चों ने घबराए हुए बच्चों को संभालते हुए तत्काल प्राथमिक सहायता देने की कोशिश की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्कूल खुलने से पहले रोज की तरह बच्चे समय से पूर्व विद्यालय परिसर पहुंच गए थे। इसी दौरान उन्होंने स्कूल के आसपास लगे रतनजोत के पौधे का जहरीला फल खा लिया, जिसकी जानकारी बच्चों को नहीं थी। जैसे ही प्रार्थना सभा शुरू हुई, बच्चों को चक्कर आने लगे और कुछ बच्चे बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े।
घटना में कुल 17 बच्चे बीमार हो गए। स्कूल प्रबंधन द्वारा तत्परता दिखाते हुए सभी बच्चों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालबांधा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने तुरंत उपचार शुरू किया।
चिकित्सकों के अनुसार चार बच्चों पर जहरीले फल का असर अधिक देखा गया है, जबकि शेष बच्चों की स्थिति फिलहाल सामान्य और स्थिर बनी हुई है। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार एक बच्चे की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए खैरागढ़ रेफर किया जा रहा है। अन्य बच्चों को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है और लगातार स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही करमतरा गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में पालक और ग्रामीण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। वहीं इस गंभीर घटना को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी लाल जी द्विवेदी ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मीडिया के माध्यम से मिली है। मामले की विस्तृत जानकारी ली जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




