Chhattisgarh

CG BREAKING: डीजे सामान चोरी करने वाले छह आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

0.मुलमुला पुलिस की त्वरित कार्रवाई, ₹1.40 लाख का चोरी गया सामान और पिकअप वाहन बरामद

जांजगीर-चांपा। डीजे सामान चोरी के मामले में मुलमुला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब ₹1.40 लाख कीमत का चोरी गया डीजे सामान और वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय, IPS के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, पैधारकोसा निवासी सुदर्शन यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 23 अगस्त की रात कमरे का ताला तोड़कर अज्ञात चोर तीन एम्प्लीफायर, चार साउंड बॉक्स, एक डीजे मिक्सर और एक एचपी गैस सिलेंडर चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब ₹1.40 लाख बताई गई थी।

मामले की जांच के दौरान 25 अगस्त को पुलिस को मोबाइल के माध्यम से सूचना मिली कि कुछ लोग चोरी का सामान पिकअप क्रमांक CG 10 BG 9773 में लोडकर कुटीघाट के पास ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही मुलमुला पुलिस की टीम ने तत्काल घेराबंदी की और मुलमुला से बिलासपुर की ओर जा रहे पिकअप वाहन को रोक लिया। वाहन में चालक सहित छह लोग सवार मिले। तलाशी के दौरान पुलिस ने चोरी गया पूरा डीजे सामान बरामद कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने डीजे सामान चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 366/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4), 305(1) और 3(5) के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें 25 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

गिरफ्तार आरोपियों में अमर टण्डन (24), विनय सांडिल्य (21), दोनों निवासी मुलमुला; संदीप तिवारी (23), निवासी नरियरा; इंदल उर्फ इंद्र गुलेरी (25), निवासी रिस्दा, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर; नीरज पाटले (22), निवासी दलदली, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर तथा मनीष सिंह बलदेव (22), निवासी भदौरा, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर शामिल हैं।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिवनंदन सिंह, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक गोपी सिंह, सहायक उपनिरीक्षक नजीर हुसैन, हेमलाल महिलांगे, प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह, रूद्र कश्यप, अनिल अजगल्ले तथा आरक्षक सनोहर जगत, भूपेन्द्र कंवर और राजेश कश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button