Chhattisgarh

CG ACCIDENT: सड़क हादसा: दो मोटरसाइकिलों में जोरदार भिड़ंत, पति-पत्नी समेत चार घायल

सक्ती। सक्ती जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र से सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां ग्राम पंचायत पिहरीद के मेन रोड स्थित तालाब के पास दो मोटरसाइकिलों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। दुर्घटना में पति-पत्नी समेत चार लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

मिली जानकारी के अनुसार, डभरा क्षेत्र के ग्राम कासा निवासी पति-पत्नी मोटरसाइकिल से जैजैपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पिहरीद मेन रोड स्थित तालाब के पास सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई।

टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और 112 आपातकालीन सेवा को सूचना दी। सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और सभी चारों घायलों को उपचार के लिए मालखरौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

बताया जा रहा है कि दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार दोनों युवक अमेराडीह गांव के निवासी हैं। फिलहाल सभी घायलों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

वहीं, हादसा किस वजह से हुआ और दोनों मोटरसाइकिलों की टक्कर किन परिस्थितियों में हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस की जांच के बाद ही चल सकेगा।

Related Articles

Back to top button