Chhattisgarh

CG Accident Breaking: दर्दनाक सड़क हादसा, खड़े पानी टैंकर से टकराई बाइक, युवक की मौके पर मौत

जशपुर, 05 अप्रैल। जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा तमता-डूमरबहार मुख्य मार्ग पर पंडरीपानी के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पानी टैंकर से जा टकराई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक पानी टैंकर मकान निर्माण कार्य के लिए सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान तमता से डूमरबहार की ओर जा रहा एक युवक अपनी बाइक से तेज रफ्तार में पहुंचा और तीखे मोड़ के पास खड़े टैंकर को नहीं देख सका। देखते ही देखते बाइक सीधे टैंकर से जा भिड़ी और टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक टैंकर के अंदर तक घुस गई।

हादसा इतना भयावह था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पत्थलगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान और हादसे के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और मोड़ पर लापरवाही हादसे का कारण प्रतीत हो रही है।

Related Articles

Back to top button