Chhattisgarh

CG से बड़ी खबर : भाजपा नेता के खेत में अफीम की खेती पकड़ी गई, पार्टी से किया गया निलंबित

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के समोदा गांव में भाजपा नेता के खेत में अवैध रूप से अफीम की खेती पकड़े जाने के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। मामले में भाजपा किसान मोर्चा से जुड़े नेता विनायक ताम्रकर को पार्टी ने निलंबित कर दिया है। पुलिस की कार्रवाई के बाद यह मामला राजनीतिक रूप से भी गरमा गया है।

मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता Bhupesh Baghel शनिवार को समोदा गांव पहुंचे और खेत का निरीक्षण किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता का फार्महाउस करीब 150 एकड़ में फैला हुआ है, जिसमें चारागाह की भूमि भी शामिल है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े क्षेत्र में खेती होने के बावजूद प्रशासन को इसकी जानकारी नहीं होना कई सवाल खड़े करता है।

भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि आरोपी का सांसद, विधायक और कलेक्टर के साथ उठना-बैठना है, जिसके कारण प्रशासन की ओर से पहले कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि पहले नशे का सामान पंजाब और अन्य राज्यों से आता था, लेकिन अब दुर्ग जिले में ही अफीम की खेती शुरू हो गई है। उन्होंने इस पूरे नेटवर्क की व्यापक जांच की मांग करते हुए कहा कि यह पता लगाया जाना चाहिए कि इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

समोदा गांव में जब भूपेश बघेल खेत का निरीक्षण करने पहुंचे तो बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग भी वहां पहुंच गए। इस दौरान पुलिस ने भीड़ को रोकने की कोशिश की, जिससे कुछ देर के लिए झूमाझटकी की स्थिति बन गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

पुलिस के अनुसार अफीम की खेती की सूचना मिलने के बाद 6 मार्च को खेत में छापेमारी की गई थी। कार्रवाई के दौरान करीब डेढ़ एकड़ जमीन पर अफीम के पौधे पाए गए। जांच में सामने आया कि यह खेती समोदा गांव में भाजपा किसान मोर्चा से जुड़े नेताओं के खेत में की जा रही थी।

मामले के सामने आने के बाद भाजपा ने कार्रवाई करते हुए विनायक ताम्रकर को पार्टी से निलंबित कर दिया है। वहीं इस पूरे मामले में भाजपा नेता विनायक ताम्रकर का कहना है कि उन्हें खेत में अफीम की खेती की कोई जानकारी नहीं थी। उनका दावा है कि उन्होंने अपनी जमीन अधिया पर दी हुई थी और खेती करने वाले लोगों ने चोरी-छिपे अफीम लगा दी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि अफीम की खेती में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इसका नेटवर्क कितना बड़ा है।

Related Articles

Back to top button