Chhattisgarh

CG में यहां दो करोड़ की लूट की कहानी निकली फर्जी, कर्ज से बचने ज्वेलरी व्यापारी ने रची थी साजिश

बीजापुर, 11 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में करीब दो करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी की लूट का सनसनीखेज मामला फर्जी निकला है। कर्ज के भारी बोझ से परेशान ज्वेलरी व्यापारी ने कर्जदारों से बचने के लिए अपने दो साथियों के साथ मिलकर लूट की झूठी कहानी रची थी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और लगातार पूछताछ के आधार पर पूरे मामले का खुलासा किया है।

पुलिस के अनुसार, गीदम निवासी ज्वेलरी व्यापारी स्वरूप सोनी भैरमगढ़ में दुकान संचालित करता है। उसने 9 नवंबर को नेलसनार थाना क्षेत्र में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह चालक देवेंद्र ठाकुर और कपड़ा व्यापारी ललित बुरड़ के साथ तूफान वाहन से भैरमगढ़ से गीदम लौट रहा था। इसी दौरान शाम करीब 6 बजे नेशनल हाईवे-63 पर पांडेमुर्गा चौक के पास जंगल में तीन अज्ञात लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया।

व्यापारी ने आरोप लगाया था कि हथियारों के बल पर बदमाशों ने वाहन में रखा बैग लूट लिया। बैग में करीब दो करोड़ रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी रखी हुई थी। कथित लुटेरे तीनों के मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए थे।

शिकायत मिलते ही बीजापुर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने करीब 16 घंटे तक नाकेबंदी की और 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों की पड़ताल के दौरान पुलिस को शिकायत में बताई गई घटना पर संदेह हुआ। इसके बाद व्यापारी और उसके दोनों साथियों से अलग-अलग पूछताछ की गई।

जांच में सामने आया कि ज्वेलरी व्यापारी कर्ज के भारी बोझ से परेशान था। कर्जदारों से बचने के लिए उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की मनगढ़ंत कहानी तैयार की थी। पुलिस की जांच में करीब दो करोड़ रुपये की लूट की शिकायत पूरी तरह फर्जी साबित हुई। इस तरह बीजापुर पुलिस ने तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के जरिए कथित लूट की साजिश का पर्दाफाश कर दिया। मामले में पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Back to top button