CG में दर्दनाक घटना : पावर हाउस फ्लाईओवर से गिरकर 21 वर्षीय युवती की मौत, वॉक करने घर से निकली थी पूनम अहिरवार, जांच में जुटी पुलिस…

भिलाई, 28 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई में बुधवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई है। पावर हाउस फ्लाईओवर से गिरने के कारण 21 वर्षीय युवती की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान खुर्शीपार निवासी पूनम अहिरवार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवती सुबह अपने पिता से वॉक पर जाने की बात कहकर घर से निकली थी। इसी दौरान पावर हाउस फ्लाईओवर पर यह घटना हो गई। मामला छावनी थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार, पूनम अहिरवार लंबे समय से मिर्गी (Epilepsy) की बीमारी से पीड़ित थी। उसे समय-समय पर मिर्गी के दौरे आते थे। परिजन उसका इलाज एम्स अस्पताल में करा रहे थे। बुधवार सुबह पूनम अपने पिता को टहलने जाने की जानकारी देकर घर से निकली थी। कुछ समय बाद पावर हाउस फ्लाईओवर से उसके नीचे गिरने की सूचना मिली। घटना में युवती की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। प्रारंभिक जांच में ऊंचाई से गिरने के कारण युवती की मौत होने की बात सामने आई है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल युवती की मौत को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय युवती को मिर्गी का दौरा पड़ा था या उसने जानबूझकर फ्लाईओवर से छलांग लगाई। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पुलिस परिजनों से पूछताछ करने के साथ ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।




