CBSE Board Exam 2027: 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की डेटशीट जारी, 16 फरवरी से शुरू होंगे एग्जाम

नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं 2027 का परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे लाखों छात्र-छात्राओं का इंतजार खत्म हो गया है। जारी कार्यक्रम के अनुसार, दोनों कक्षाओं की बोर्ड परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी। सभी परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे से आयोजित की जाएंगी।
छात्र-छात्राएं CBSE की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर जाकर अपनी विषयवार परीक्षा तिथियां देख और डेटशीट डाउनलोड कर सकते हैं।
9 मार्च तक चलेंगी 10वीं की परीक्षाएं
CBSE के परीक्षा कार्यक्रम के मुताबिक, कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होकर 9 मार्च 2027 तक आयोजित की जाएंगी। इस बार 10वीं के विद्यार्थियों के लिए कुल 83 विषयों की परीक्षाएं निर्धारित की गई हैं। बोर्ड ने परीक्षा कार्यक्रम तैयार करते समय विद्यार्थियों और स्कूलों की सुविधा का ध्यान रखा है।
12वीं की परीक्षाएं 9 अप्रैल तक होंगी
कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं भी 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी, जो 9 अप्रैल 2027 तक चलेंगी। इस बार सीनियर सेकेंडरी के विद्यार्थियों के लिए कुल 121 विषयों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। सभी विषयों के पेपर सुबह 10:30 बजे से शुरू होंगे।
जनवरी से शुरू होंगी प्रैक्टिकल परीक्षाएं
बोर्ड ने प्रैक्टिकल परीक्षाओं, प्रोजेक्ट असेसमेंट और इंटरनल असेसमेंट का कार्यक्रम भी जारी किया है। सामान्य स्कूलों में प्रैक्टिकल परीक्षाएं 1 जनवरी 2027 से शुरू होंगी। वहीं, विंटर-बाउंड स्कूलों में प्रैक्टिकल और इंटरनल असेसमेंट 9 नवंबर से 19 दिसंबर 2026 के बीच आयोजित किए जाएंगे।
छात्र अभी से बनाएं परीक्षा की तैयारी की रणनीति
बोर्ड परीक्षाओं की तारीखों की घोषणा के बाद विद्यार्थियों के पास तैयारी के लिए निर्धारित समय बचा है। ऐसे में छात्रों को सलाह दी गई है कि वे अपनी विषयवार डेटशीट के अनुसार पढ़ाई की योजना बनाएं। नियमित रिवीजन, मॉडल पेपर का अभ्यास और समय प्रबंधन के जरिए परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन किया जा सकता है।




