Bilaspur News: मिनीबस्ती जरहाभाठा में पुलिस का शिकंजा, चाकू के साथ 1 बदमाश गिरफ्तार; 11 पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

बिलासपुर, 03 सितम्बर। आगामी त्योहारों को देखते हुए शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने बिलासपुर पुलिस ने असामाजिक तत्वों और अशांति फैलाने वाले बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। थाना सिविल लाइन क्षेत्र के मिनीबस्ती जरहाभाठा में पुलिस ने अभियान चलाकर एक बदमाश के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की, जबकि 11 अन्य लोगों पर बीएनएसएस की धाराओं के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार मिनीबस्ती जरहाभाठा क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इसी दौरान विशाल डहरिया पिता रामफल डहरिया, उम्र 19 वर्ष, निवासी भाठिया पेट्रोल पंप के सामने मिनीबस्ती जरहाभाठा को धारदार लोहे के चाकू के साथ पकड़ा गया। उसके कब्जे से चाकू जब्त कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत कार्रवाई की गई।
इसके अलावा थाना सिविल लाइन क्षेत्र और आसपास के इलाकों में अशांति की आशंका को देखते हुए 11 व्यक्तियों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। कार्रवाई की जद में फारूख कुरैशी, अमित श्रीवास, राजेश्वर बहेलिया, अब्दुल आबिद, बाबा खान, सईद अहमद, मोहम्मद जहीर खान, आर्यन रात्रे, देव सिदार, समद अली और साहिल कुमार बघेल शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि आगामी त्योहारों के मद्देनजर क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की निगरानी बढ़ाई गई है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को समय रहते रोका जा सके।
सिविल लाइन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति भंग करने, विवाद उत्पन्न करने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का उद्देश्य त्योहारों के दौरान नागरिकों को सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है।




