Chhattisgarh

Bilaspur Crime: युवक की आंखों में मिर्ची डालकर लूटी पल्सर बाइक, चंद घंटों में आरोपी गिरफ्तार; तीन नाबालिग भी पकड़ाए

बिलासपुर, 12 नवंबर। जिले के कोटा थाना क्षेत्र में युवक की आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर चाकू की नोक पर मोटरसाइकिल और मोबाइल लूटने का मामला सामने आया है। रेलवे गतवा फाटक के पास हुई इस वारदात में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज होने के चंद घंटों के भीतर मुख्य आरोपी सहित तीन विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई पल्सर बाइक, मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम खुरदुर निवासी शिवम कुमार ध्रुव 11 नवंबर को अपने दोस्त के घर ग्राम दवनपुर में लक्ष्मी विसर्जन देखने गया था। रात में अपनी एनएस पल्सर बाइक क्रमांक CG 10 CC 2726 से वापस लौटते समय रेलवे गतवा फाटक कोटा के पास तीन से चार युवकों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने पहले उसे बाइक से उतरने के लिए कहा और फिर उसकी आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया। इसके बाद चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उसका ओप्पो मोबाइल, पल्सर बाइक तथा 1000 रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। लूटी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है।

पीड़ित की शिकायत पर कोटा थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। वरिष्ठ SP रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त SP ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मुखबिरों को सक्रिय किया। सूचना के आधार पर पुलिस ने कैलाश उर्फ बिल्लू साहू (19 वर्ष), निवासी पड़ाव पारा कोटा को तीन विधि से संघर्षरत बालकों के साथ पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई एनएस पल्सर मोटरसाइकिल, ओप्पो मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू जब्त किया है। मुख्य आरोपी कैलाश उर्फ बिल्लू साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि तीनों विधि से संघर्षरत बालकों को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।

इस कार्रवाई में निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, प्रभारी उप निरीक्षक नागेश्वरी साहू, उप निरीक्षक कमल नारायण शर्मा, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव तथा आरक्षक धर्मेंद्र साहू, सुनील पटेल, दीप सिंह कंवर और विनोद यादव की विशेष भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button