Chhattisgarh

Bilaspur Crime: दो नाबालिग लड़कियों से दुष्कर्म के आरोप में दो युवक गिरफ्तार, धमकी देकर बनाया था हवस का शिकार

बिलासपुर, 06 नवंबर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में दो नाबालिग लड़कियों के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम बोड़सरा से लापता हुई दोनों नाबालिग लड़कियों को पुलिस ने बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों युवकों ने लड़कियों को जान से मारने की धमकी देकर उनके साथ दुष्कर्म किया था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को एक महिला ने चकरभाठा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बेटी और उसकी नाबालिग भतीजी बिना बताए घर से कहीं चली गई हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस ने दोनों नाबालिग लड़कियों को आरोपियों के कब्जे से बरामद किया। इसके बाद संदेह के आधार पर दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज भास्कर (24 वर्ष) और जयप्रकाश खांडे (20 वर्ष), दोनों निवासी धमधापारा छिंदभोग, थाना पथरिया, जिला मुंगेली के रूप में हुई है।

चकरभाठा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2), 64(2), 351(3) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है।

Related Articles

Back to top button