BIG NEWS: सिलेंडर ब्लास्ट में तीन पुलिसकर्मी समेत 14 लोग घायल, इलाके में मचा हड़कंप

नई दिल्ली। राजधानी के मजलिस पार्क इलाके में रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। गली नंबर छह स्थित एक मकान में आग लगने के बाद गैस सिलेंडर में जोरदार धमाका हो गया। इस घटना में तीन पुलिसकर्मियों और तीन फायरकर्मियों सहित कुल 14 लोग घायल हो गए। धमाके के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब नौ बजे आग लगने की सूचना दमकल विभाग को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग बुझाने के प्रयास के दौरान घर में रखे एलपीजी सिलेंडर में अचानक विस्फोट हो गया, जिससे मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी, फायरकर्मी और अन्य लोग इसकी चपेट में आ गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ लोग बुरी तरह झुलस गए हैं।
दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सुबह लगभग 10:50 बजे आग पर काबू पा लिया। विस्फोट की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और क्राइम टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। इलाके को एहतियातन घेराबंदी कर सुरक्षित कर लिया गया है।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के सहायक संभागीय अधिकारी अमन कुमार लखड़ा ने बताया कि आग लगने की सूचना पर सबसे पहले पहुंची टीम जब घर के अंदर दाखिल होकर पानी की पाइप लाइन बिछा रही थी, तभी अचानक धमाका हो गया। आशंका है कि आग स्टोर रूम में लगी थी, जिसने तेजी से विकराल रूप ले लिया। प्रारंभिक जांच में यह भी संभावना जताई जा रही है कि कहीं पहले से एलपीजी गैस का रिसाव तो नहीं था। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।
आदर्श नगर थाना पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गैस सिलेंडर और ज्वलनशील पदार्थों के उपयोग में विशेष सावधानी बरतें ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।



