BIG BREAKING: कलक्ट्रेट के भी सभी कार्यालय कराए जा रहे खाली

वाराणसी। जिला जज को ई-मेल कर कचहरी में शुक्रवार दोपहर 1 बजे 18 ब्लास्ट की धमकी मिलने के बाद अफरा-तफरी का माहौल हो गया है। परिसर को खाली करा दिया गया है, वहीं पुलिस टीम को कचहरी में चेकिंग के दौरान डाकघर के पास एक अटैची बरामद हुई, जिसकी जांच के लिए बम डिस्पोजल स्क्वॉड की टीम पहुंची।
जांच में अटैची में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। एक अधिवक्ता ने अटैची पर दावा किया, जिसके बाद उन्हें सौंप दिया गया। कलक्ट्रेट के भी सभी कार्यालय खाली कराए जा रहे हैं। अफसरों के अनुसार यह मेल केवल वाराणसी कचहरी के लिए नहीं, बल्कि इलाहाबाद हाईकोर्ट और अन्य प्रमुख जनपदों के जिला जजों को किया गया है।
बता दें कि तमिलनाडु के सुनिया डासन नामक व्यक्ति ने शुक्रवार सुबह जिला जज को ई-मेल कर कचहरी में दोपहर 1 बजे 18 ब्लास्ट की धमकी दी। ई-मेल में जिक्र है कि तमिलनाडु सरकार 2021 तक मीडिया को खत्म करना चाहती थी। इसके लिए प्रमुख जर्नलिस्टों को हायर कर अपने पक्ष में करने के लिए निजी हाथों में बेच रही है। साथ ही ऐसे जर्नलिस्टों के लिए बच्चियों और लड़कियों को उपलब्ध कराया जा रहा है।
इसके लिए एक विश्वविद्यालय की प्रोफेसर और कुछ बदमाशों का सहारा लिया गया है। ई-मेल ने आठ जर्नलिस्ट और उनके लिए उपलब्ध कराई गई लड़कियों के नाम भी उम्र के साथ है। उधर, कचहरी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कचहरी खाली कराकर चेकिंग कराई जा रही है।




