Big Breaking : ATM चोरी की बड़ी वारदात नाकाम,PNB का ATM उठाकर ले जा रहे चोरों से पुलिस की मुठभेड़, पुलिस वाहन पर पथराव

जशपुर (कुनकुरी)। जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में बीती रात एक बड़ी एटीएम चोरी की वारदात को पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया। अज्ञात गिरोह के सदस्य पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के एटीएम को ही उखाड़कर ले जाने की कोशिश कर रहे थे, तभी कुनकुरी पुलिस की गश्त टीम की नजर संदिग्ध गतिविधियों पर पड़ गई।

पुलिस को देखते ही आरोपी मौके से भागने लगे। जब पुलिस ने उनका पीछा किया तो आरोपियों ने पुलिस वाहन पर पथराव शुरू कर दिया। पत्थरबाजी के दौरान पुलिस गाड़ी के सामने का शीशा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हालांकि, इस घटना में किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात से पहले आरोपियों ने एटीएम परिसर के आसपास और सामने लगे अधिकांश सीसीटीवी कैमरों की स्क्रीन को ब्लैक कर दिया था, ताकि उनकी पहचान न हो सके। हालांकि, एक सीसीटीवी कैमरे पर उनकी नजर नहीं पड़ी, जिससे वह चालू रह गया। पुलिस को उसी कैमरे से आरोपियों की पहचान को लेकर अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया गया। पुलिस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश में जुट गई है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।




