बैंककर्मी ने 5 लाख कर्ज लिया,डेढ़ करोड़ मांग रहा सूदखोर: भोपाल में महिला बोली- अबतक 77 लाख दे चुके, अब सिर्फ सुसाइड का रास्ता बचा

[ad_1]
भोपाल6 मिनट पहले
भोपाल में एक बार फिर सूदखोरों के आतंक का मामला सामने आया है। शहर के न्यू मिनाल रेसीडेंसी इलाके में रहने वाली स्वाति रघुवंशी (32) अयोध्या नगर पुलिस के पास पहुंची और बताया कि उसने सूदखोर से 5 लाख रुपए कर्ज लिया था, जिसके बदले वह अब तक 77 लाख रुपए दे चुकी है। बावजूद सूदखोर 1.5 करोड़ रुपए मांग रहा है। पैसा नहीं देने पर महिला के पति और बच्चे को अगवा कर जान से मारने की धमकी दे रहा है। उसने कहा कि अब सुसाइड के अलावा दूसरा रास्ता नहीं बचा है।
इधर, कैंची छोला इलाके में रहने वाले आरोपी सूदखोर रितेश पांडेय का दावा है कि स्वाति रघुवंशी ने करीब 45 लाख रुपए कर्ज लिया है। जिसमें से 30 लाख रुपए उसने अलग-अलग किश्तों में मेरे अकाउंट में ट्रांसफर किए। जिनके बदले वो फिर आकर कैश उधार ले जाती थी। अब रुपए वापस नहीं देना पड़े, इसलिए झूठा केस दर्ज कराकर दबाव बना रही है।
सूदखोर ने 5 लाख की राशि 30 लाख रुपए कर दी
स्वाति रघुवंशी बजाज फिनसर्व फायनेंस कंपनी में काम करती हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि दिसंबर 2021 में रितेश पांडेय से 5 लाख रुपए उधार लिए थे। इसका वह 2% प्रति महीने के हिसाब से समय पर ब्याज भी चुका रही थी। कुछ समय बाद रितेश ने 5 लाख की जगह राशि बढ़ाकर 30 लाख रुपए कर दी। इसके साथ ही रितेश ने एग्रीमेंट पर दस्तखत भी करा लिए। इसके बाद व्यवहार बदल गया। वह घर के सामने आकर गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी देने लगा। मजबूरी का फायदा उठाते हुए कभी 2 लाख, तो कभी 3 लाख रुपए वसूलता रहा।

स्वाति रघुवंशी ने बताया कि रितेश ने पति और बच्चे को अगवा कर जान से मारने की धमकी दी।
घर और ऑफिस आकर धमकाने लगा
महिला ने बताया कि अगर मैं उसे पैसा नहीं देती, तो वह ऑफिस आ जाता था। परेशान होकर मैंने अपने परिचितों के रुपए भी उसके खाते में ऑनलाइन डाल दिए। ये वह पैसा था, जो मैंने परिचितों से गोल्ड में इन्वेस्ट करने के नाम पर लिया था। रितेश मुझे सोशल मीडिया पर बदनाम करने की धमकी देकर करीब 77 लाख रुपए वसूल चुका है। अब 1.5 करोड़ रुपए की मांग कर रहा है, जिसकी कॉल रिकॉर्डिंग भी मेरे पास है।
पति-बच्चे को मारने की धमकी दी
स्वाति ने पुलिस को बताया कि एग्रीमेंट पर वह दस्तखत नहीं कर रही थी। इस पर रितेश ने पति और बच्चे को अगवा कर जान से मारने की धमकी दी। वह अक्सर धमकाता था कि प्राइवेट पैसा इतने ब्याज पर ही मिलता है। पैसा नहीं देने पर झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी। अब रितेश के प्रताड़ित करने पर सुसाइड के अलावा दूसरा रास्ता नहीं बचेगा।
सूदखोर बोला- महिला ने पहले पांच, फिर 45 लाख रुपए लिए
इधर, कर्ज देने वाले रितेश पांडेय का दावा है कि जनवरी 2022 में स्वाति ने पहले पांच लाख रुपए लिए थे। इसके बाद 30 लाख और फिर 14-15 लाख रुपए लिए। एग्रीमेंट के अनुसार उन्हें मुझे 2% मासिक ब्याज देना था। महिला बैंककर्मी ने चालाकी की। उसने 30 लाख रुपए बैंक खाते में अलग-अलग किश्तों में डाले, जिस दिन वह पैसा डालती थी, अगले दिन वापस नगद लेकर चली जाती थी। मुझे 30 लाख रुपए भी नहीं मिले। उसे पैसा वापस नहीं देना है, इसलिए झूठी FIR कराकर ब्लैकमेल कर रही है।

रितेश पांडेय का दावा है कि जनवरी 2022 में स्वाति ने पहले पांच लाख रुपए लिए थे।
गोल्ड की नीलामी का बोलकर लिया पैसा
रितेश पांडेय का कहना है कि महिला कहती थी, बैंकों में गोल्ड की नीलामी की जाती है। इसे खरीदने के लिए वह कर्ज लेकर जाती है। नीलामी में सस्ते दाम में गोल्ड मिल जाता है। इसे बाद में महंगे दाम में बेचकर मुनाफा कमाएगी। उसने पैसे लिए, लेकिन वापस नहीं किए। रितेश ने बताया कि महिला बजाज फिनसर्व फायनेंस कंपनी में खुद को पदस्थ होना बताती है। वह पहले HDB बैंक में रह चुकी है। गड़बड़ी के आरोप में उसे बैंक से निकाला जा चुका है।
Source link