Chhattisgarh

ओडिशा से छत्तीसगढ़ पहुंचा ‘राजू’, पालतू हाथी होने के दावे पर असमंजस में वन विभाग, इधर ग्रामीण खिला रहे केला और खाना

रायगढ़। ओडिशा से छत्तीसगढ़ की सीमा में एक हाथी के प्रवेश करने से ग्रामीणों में कौतूहल का माहौल है। राजू नाम के इस हाथी को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट रहे हैं। लोग उसे केला और अन्य खाद्य सामग्री खिला रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह हाथी पालतू है और उसका महावत ओडिशा की जेल में बंद है, जिसके चलते वह अकेला भटक रहा है। हालांकि, ओडिशा वन विभाग ने हाथी के पालतू होने की बात से इनकार किया है।इधर जिले में पहले से ही हाथियों की बढ़ती संख्या और उनके उत्पात से वन विभाग परेशान है। ऐसे में इस हाथी के छत्तीसगढ़ की सीमा में पहुंचने के बाद विभाग उसकी वास्तविक स्थिति का पता लगाने में जुटा है। वन विभाग ने ओडिशा के अधिकारियों से हाथी के संबंध में जानकारी मांगी है।

इस मामले में एसडीओ फॉरेस्ट आशुतोष मांडवा ने बताया कि कल शाम को पता चला कि ओडिशा और छत्तीसगढ़ की सीमा पर एक दंतैल नर हाथी घूम रहा है और वह ओडिशा से छत्तीसगढ़ में दाखिल हुआ है। प्रारंभिक रूप से ओडिशा के अधिकारियों द्वारा बताया जा रहा है कि यह हाथी काफी उम्रदराज है और काफी समय से अकेले घूम रहा है। शुरू में पता चला कि इसका महावत जेल में बंद है और यह पालतू हाथी है, लेकिन ओडिशा के अधिकारियों द्वारा इसे नकारा गया है। उनका कहना है कि यह जंगली हाथी है।एसडीओ फॉरेस्ट का कहना है कि जैसे ही उसकी स्थिति स्पष्ट होगी कि वह जंगली है या पालतू, उसी के अनुसार हमारी ट्रैकिंग की पद्धति बदलेगी और उस प्रकार से उसकी निगरानी की जा सकेगी।

Related Articles

Back to top button