Uttar Pradesh

मेरा सौभाग्य है कि वडनगर जन्मस्थान और काशी कर्मभूमि…’ मन की बात में PM मोदी ने साझा की दिल की बात

0.प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात के 140वें एपिसोड में गुजरात के वडनगर और उत्तर प्रदेश के काशी का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि वडनगर उनका जन्मस्थान है, जबकि काशी उनका संसदीय क्षेत्र है.

वाराणसी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को प्रसारित मन की बात के 140वें एपिसोड में गुजरात के वडनगर और उत्तर प्रदेश के काशी का विशेष रूप से उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि वडनगर उनका जन्मस्थान है और काशी उनका संसदीय क्षेत्र. प्रधानमंत्री ने इसे अपना सौभाग्य बताते हुए दोनों शहरों के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व की चर्चा की.

वडनगर को बताया गुजरात की काशी

प्रधानमंत्री ने बताया कि हाल ही में कांची कामकोटि पीठ के शंकराचार्य गुजरात के वडनगर पहुंचे थे. उन्होंने इस ऐतिहासिक शहर को गुजरात की काशी के रूप में पहचान दी. मोदी ने कहा कि वडनगर और काशी का हजारों वर्षों से जीवंत बने रहना दोनों शहरों की खासियत है.उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि उनका जन्म वडनगर में हुआ और काशी से उनका संसदीय जुड़ाव है. इस संयोग को उन्होंने अपने लिए सौभाग्य की बात बताया.

बिहार संग्रहालय की उपलब्धि

मन की बात के दौरान प्रधानमंत्री ने देश के संग्रहालयों की उपलब्धियों का भी जिक्र किया. उन्होंने लोगों से अपील की कि जब भी वे कहीं घूमने जाएं तो वहां के संग्रहालयों को देखने और उनके बारे में जानने के लिए भी समय निकालें.

मोदी ने बताया कि पटना स्थित बिहार संग्रहालय को दुनिया के 100 बेहतरीन संग्रहालयों की सूची में नौवां स्थान मिला है. इस सूची में इसे पूरे एशिया में पहला स्थान हासिल हुआ है. उन्होंने पेरिस के लोआर्स संग्रहालय और न्यूयॉर्क के प्रसिद्ध द मेट संग्रहालय का उल्लेख करते हुए बताया कि बिहार संग्रहालय ने इस सूची में इन दोनों को भी पीछे छोड़ दिया है.

वडनगर संग्रहालय को अंतरराष्ट्रीय सम्मान

प्रधानमंत्री ने गुजरात के वडनगर में विकसित अनंत अनादि वडनगर आर्कियोलॉजिकल एक्सपेरिमेंटल म्यूजियम की विशेषताओं के बारे में भी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पुरातत्व विभाग की खुदाई के दौरान यहां इतिहास के अलग-अलग कालखंडों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण वस्तुएं मिली थीं. जिस स्थान पर खुदाई की गई, उसी जगह पर इस संग्रहालय को विकसित किया गया है.

इस संग्रहालय में ऐसा रास्ता बनाया गया है, जहां से पर्यटक जमीन के कई मीटर नीचे तक हुई पुरातात्विक खुदाई को देख सकते हैं. यहां पांच हजार से अधिक प्राचीन कलाकृतियां भी प्रदर्शित की गई हैं.मोदी के मुताबिक, इसी महीने बर्लिन में वडनगर संग्रहालय को डिजाइन के क्षेत्र का प्रतिष्ठित रेड डॉट: बेस्ट ऑफ द बेस्ट अवार्ड मिला है. यह सम्मान हासिल करने वाला भारत का पहला संग्रहालय बना है.

देश के अच्छे कामों का जिक्र

प्रधानमंत्री ने मन की बात में देश के अलग-अलग क्षेत्रों में हो रहे बेहतर कार्यों और लोगों के प्रयासों का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि अच्छे कामों से दूसरे लोगों को भी प्रेरणा मिलती है.इधर, प्रधानमंत्री के संबोधन को सुनने के लिए वाराणसी सहित विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने कार्यक्रम आयोजित किए.

Related Articles

Back to top button