Chhattisgarh

कोरबा के युवाओं ने लखनऊ के वंदे मातरम् कैंप में बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान, राज्यपाल को भेंट की वर्ली आर्ट पेंटिंग

  • कोरबा की अदिति और नरेंद्र ने उत्तर प्रदेश की राज्यपाल से किया संवाद, युवा सशक्तिकरण और राष्ट्र निर्माण पर रखे विचार

कोरबा, 28 नवंबर 2026। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित वंदे मातरम् कैंप में कोरबा जिले के युवाओं ने अपनी प्रतिभा और सांस्कृतिक पहचान से छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मेरा युवा भारत की ओर से 25 नवंबर से 1 दिसंबर 2026 तक आयोजित सात दिवसीय वंदे मातरम् कैंप में कोरबा की अदिति और नरेंद्र सहभागिता कर रहे हैं। इस दौरान दोनों युवाओं को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल और पर्यटन मंत्री से संवाद करने का अवसर मिला।

कैंप के तहत आयोजित संवाद कार्यक्रम में अदिति और नरेंद्र ने उत्तर प्रदेश की राज्यपाल से युवा सशक्तिकरण, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। इस अवसर पर दोनों ने राज्यपाल को वर्ली आर्ट पेंटिंग भेंट की और छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोककला एवं परंपराओं से परिचित कराया।

वहीं, कैंप के दौरान युवाओं ने उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री से भी मुलाकात कर पर्यटन स्थलों की विशेषताओं, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और पर्यटन विकास में युवाओं की भागीदारी जैसे विषयों पर संवाद किया। इस बातचीत के माध्यम से प्रतिभागियों को पर्यटन क्षेत्र की संभावनाओं और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के महत्व को समझने का अवसर मिला।

मेरा युवा भारत की ओर से आयोजित इस सात दिवसीय वंदे मातरम् कैंप का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व, राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक आदान-प्रदान की भावना को बढ़ावा देना है। कैंप में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए युवा एक-दूसरे के अनुभवों से सीख रहे हैं और अपनी संस्कृति एवं परंपराओं को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत कर रहे हैं।

राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में कोरबा के अदिति और नरेंद्र की सहभागिता तथा छत्तीसगढ़ की लोककला को राज्यपाल तक पहुंचाना जिले के लिए गौरव का विषय है।

Related Articles

Back to top button