रायपुर के सरकारी स्कूलों में बच्चों की जान से खिलवाड़! जर्जर भवनों में हो रही पढ़ाई, 134 इमारतें तोड़ने के लिए चिन्हित, फिर भी कार्रवाई नहीं

रायपुर, 28 नवंबर। राजधानी रायपुर के सरकारी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। जिले के कई सरकारी स्कूलों के भवन जर्जर हालत में हैं। कहीं कक्षाओं की छत से प्लास्टर गिर रहा है, तो कहीं दीवारों से ईंटें और लोहे की छड़ें बाहर निकल आई हैं। पुराने खपरैल भवनों के ढहने का खतरा भी बना हुआ है। इसके बावजूद इन असुरक्षित भवनों में बच्चों की पढ़ाई जारी है।
हैरानी की बात यह है कि जिले के 105 स्कूलों की मरम्मत और रखरखाव के लिए 47 लाख रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की जा चुकी है, लेकिन कई स्कूलों में अब भी सुधार कार्य नजर नहीं आ रहा है। वहीं, इसी सत्र में तोड़ने के लिए चिह्नित किए गए 134 जर्जर भवन भी अब तक परिसर में मौजूद हैं। कई भवनों का निरीक्षण तक नहीं हो पाया है। ऐसे में स्कूलों में पढ़ने और खेलने वाले बच्चों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
छोटापारा स्कूल का खपरैल भवन जर्जर
शहर के छोटापारा स्थित प्राथमिक शाला का भवन आजादी से पहले का बताया जा रहा है। खपरैल से बने इस पुराने भवन की हालत बेहद खराब है। छत से खपरैल गिरने की आशंका बनी रहती है। स्कूल परिसर के आसपास छोटे बच्चे खेलते हैं, जिससे हादसे का खतरा और बढ़ जाता है। भवन को तोड़कर नया निर्माण कराने का प्रस्ताव तैयार किया गया है, लेकिन अब तक इसे हटाया नहीं गया है।
दलदलसिवनी में छत से गिर रहा प्लास्टर
दलदलसिवनी स्थित प्राथमिक शाला में भी बच्चों की सुरक्षा खतरे में है। यहां कक्षाओं की छत से प्लास्टर उखड़कर गिर रहा है। इसके बावजूद बच्चे उन्हीं कमरों में बैठकर पढ़ाई कर रहे हैं। स्कूल के शौचालयों की स्थिति भी खराब है। परिसर में मौजूद एक पुराने भवन को पहले ही खतरनाक घोषित किया जा चुका है, लेकिन उसे तोड़ने की कार्रवाई अब तक शुरू नहीं हुई है।
मठपुरैना स्कूल की छत से निकली लोहे की छड़ें
मठपुरैना सरकारी स्कूल का पुराना भवन भी लंबे समय से जर्जर है। छत से लोहे की छड़ें बाहर निकल आई हैं, जो कभी भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती हैं। भवन को तोड़ने का प्रस्ताव तैयार किया गया था, लेकिन प्रशासनिक प्रक्रिया में मामला अटकने के कारण अब तक कार्रवाई नहीं हो सकी है।
संत कंवर राम शासकीय शाला के चार कमरे जर्जर
संत कंवर राम शासकीय शाला की इमारत भी बदहाल स्थिति में है। भवन की दीवारों और छतों पर दरारें साफ दिखाई देती हैं। यहां चार कक्षाओं को तोड़ने का प्रस्ताव लंबित है, लेकिन अब तक जर्जर कमरों को हटाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
पंचायतों को भेजी गई मरम्मत की राशि
जिला शिक्षा विभाग के अनुसार, जिले के 105 स्कूलों की मरम्मत और रखरखाव के लिए 47 लाख रुपये से अधिक का बजट स्वीकृत किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी एम. सतीश नायर ने बताया कि स्वीकृत राशि जनपद पंचायतों के माध्यम से संबंधित ग्राम पंचायतों को भेज दी गई है। साथ ही स्कूलों का समय पर रखरखाव और मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए हैं।
अब सवाल यह है कि जब स्कूलों की मरम्मत के लिए बजट जारी हो चुका है और 134 जर्जर भवनों को तोड़ने के लिए चिह्नित भी किया जा चुका है, तो फिर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जमीनी स्तर पर कार्रवाई कब होगी?




