Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ को पूर्ण साक्षर बनाने चलेगा ‘मिशन उल्लास 100’, 30 नवंबर से घर-घर सर्वेक्षण, असाक्षरों की होगी पहचान

रायपुर, 27 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ को वर्ष 2026-27 में पूर्ण साक्षर राज्य बनाने के लक्ष्य के साथ प्रदेश में ‘मिशन उल्लास 100’ अभियान चलाया जाएगा। उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत शुरू होने वाले इस विशेष अभियान में शेष असाक्षर व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा। इसके लिए 30 नवंबर से 15 दिसंबर 2026 तक प्रदेशभर में घर-घर सघन सर्वेक्षण किया जाएगा।

राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण ने अभियान के प्रभावी संचालन के लिए प्रदेश के सभी कलेक्टरों एवं जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के अध्यक्षों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अभियान के तहत 15 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के असाक्षर व्यक्तियों को साक्षर बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

विद्यार्थियों और जनप्रतिनिधियों की होगी भागीदारी

सर्वेक्षण के दौरान मतदाता सूची, राशन कार्ड, वीबी- राम मस्टर रोल और पिछली साक्षरता महापरीक्षा में अनुपस्थित अथवा अनुत्तीर्ण रहे शिक्षार्थियों की सूची के आधार पर असाक्षरों की पहचान की जाएगी। इस कार्य में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी, जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और स्वास्थ्यकर्मी सहयोग करेंगे।

ईंट भट्ठों, निर्माण स्थलों, पलायन करने वाले परिवारों, दूरस्थ पारा-टोलों, जेलों और नक्सली पुनर्वास केंद्रों में भी सर्वेक्षण किया जाएगा, ताकि कोई भी असाक्षर व्यक्ति अभियान से छूट न जाए।

5 से 6 शिक्षार्थियों के समूह में लगेंगी कक्षाएं

चिन्हांकित असाक्षरों की जानकारी मोबाइल एप में दर्ज की जाएगी। इसके बाद सुविधानुसार 5 से 6 शिक्षार्थियों के छोटे समूह बनाकर साक्षरता कक्षाएं संचालित की जाएंगी। उल्लास केंद्रों में निर्धारित 200 घंटे का पाठ्यक्रम पूरा कराया जाएगा।

अभियान में विद्यार्थियों, एनसीसी, स्काउट, जनप्रतिनिधियों और पूर्व महापरीक्षा में उत्तीर्ण नवसाक्षरों की भी भागीदारी रहेगी। नवसाक्षर अपने आसपास के असाक्षर लोगों को पढ़ने-लिखने के लिए प्रेरित करेंगे।

प्रत्येक शनिवार स्कूलों में होंगे उल्लास कार्यक्रम

जनजागरूकता बढ़ाने के लिए गांवों और मोहल्लों में उल्लास अभियान से जुड़े नारों का दीवार लेखन कराया जाएगा। वहीं प्रत्येक शनिवार को बैगलेस डे के अवसर पर विद्यालयों में नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रभात फेरियां आयोजित की जाएंगी।

मिशन उल्लास 100 का निर्धारित कार्यक्रम

अभियान के लिए समय-सारणी भी तय की गई है। 30 नवंबर से 15 दिसंबर तक घर-घर सर्वेक्षण कर असाक्षरों का चिन्हांकन होगा। 15 से 25 दिसंबर तक छूटे हुए परिवारों का सत्यापन, ग्रामसभा में सूची का सार्वजनिक वाचन और घोषणा पत्र तैयार किया जाएगा।

इसके बाद 25 से 31 दिसंबर तक प्रत्येक ग्राम एवं वार्ड के 5 से 10 प्रतिशत घरों का रैंडम भौतिक सत्यापन किया जाएगा। 31 दिसंबर से साक्षरता महापरीक्षा तक उल्लास केंद्रों में नियमित कक्षाएं संचालित कर परीक्षा की तैयारी कराई जाएगी।

अभियान की निगरानी के लिए कलेक्टरों को साप्ताहिक समय-सीमा की बैठकों में सर्वेक्षण, साक्षरता कक्षाओं और महापरीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से प्रदेश के प्रत्येक शेष असाक्षर व्यक्ति को शिक्षा से जोड़ना और वर्ष 2026-27 में छत्तीसगढ़ को पूर्ण साक्षर राज्य बनाने के लक्ष्य को हासिल करना है।

Related Articles

Back to top button