रतनपुर में पुरानी रंजिश पर युवक की हत्या का प्रयास, फरार आरोपी विकल्प दुबे गिरफ्तार

0 करन सारथी पर बेसबॉल स्टिक, फरसा और डंडे से किया गया था जानलेवा हमला, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा
बिलासपुर, 26 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में रतनपुर पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान विकल्प दुबे उर्फ निक्कू (26 वर्ष), निवासी महामाया चौक रतनपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 30 मई 2025 को प्रार्थी ईशांत सारथी निवासी महामाया चौक रतनपुर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने साथी संतोष और करन सारथी के साथ महामाया चौक के पास बैठकर मोबाइल देख रहा था। इसी दौरान संकल्प दुबे उर्फ संकू, विकल्प दुबे उर्फ निक्कू और उनका एक अन्य साथी जतिन गोंड़ वहां पहुंचे। आरोपियों के पास बेसबॉल स्टिक, धारदार फरसा और मोटा बांस का डंडा था।
बताया गया कि पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने करन सारथी के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हत्या की नीयत से उस पर बेसबॉल स्टिक, फरसा और डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में करन सारथी बेहोश होकर मौके पर ही गिर पड़ा। बीच-बचाव करने पहुंचे प्रार्थी, उसके साथियों और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रतनपुर पुलिस ने अपराध दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। इस मामले में विकल्प दुबे उर्फ निक्कू और तरुण कुमार को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका था। वहीं फरार आरोपी संकल्प दुबे की तलाश लगातार जारी थी।
इसी दौरान आरोपी के घर आने की सूचना मिलने पर रतनपुर पुलिस ने दबिश देकर विकल्प दुबे उर्फ निक्कू को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।




