Chhattisgarh

Janjgir Champa : बस रोककर कंडक्टर से मारपीट और लूट, आदतन आरोपी सहित अपचारी बालक गिरफ्तार

0 खरौद के देवरी मोड़ पर वारदात को दिया था अंजाम, 450 रुपये नकद और स्टील का कड़ा बरामद; शिवरीनारायण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर भेजा न्यायिक रिमांड पर

जांजगीर-चांपा, 26 नवंबर 2026। जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में बस रोककर कंडक्टर के साथ मारपीट और लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आदतन आरोपी और विधि के विरुद्ध संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूट की 450 रुपये की रकम और घटना में इस्तेमाल किया गया स्टील का कड़ा बरामद किया गया है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 25 नवंबर 2026 की शाम करीब 6:15 बजे ग्राम खरौद के देवरी मोड़ के पास हुई। साहू बस सर्विस की बस क्रमांक CG 08 M 7555 रायपुर से लवन, ससहा और भुईगांव होते हुए शिवरीनारायण की ओर जा रही थी। इसी दौरान दो युवकों ने देवरी मोड़ के पास बस रुकवाई और उसमें चढ़ गए।

बस कंडक्टर रामकिशन साहू (31), निवासी कसडोल, ने जब युवकों से पूछा कि उन्हें कहां जाना है, तो उन्होंने खरौद जाने की बात कही। बस शिवरीनारायण जाने की बात कहकर कंडक्टर ने खरौद जाने से मना किया तो दोनों युवक गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि स्वप्निल यादव ने हाथ-मुक्कों से और उसके साथी ने हाथ में पहने स्टील के कड़े से कंडक्टर के चेहरे पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे बस हेल्पर सनी साहू के साथ भी मारपीट की गई।

आरोपियों ने कंडक्टर के हाथ में रखे यात्रियों से किराये के रूप में वसूले गए 450 रुपये भी लूट लिए और मौके से फरार हो गए। मारपीट में कंडक्टर के होंठ और मुंह से खून निकलने के साथ पीठ में भी चोट आई थी।

मामले की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद शिवरीनारायण पुलिस ने त्वरित जांच शुरू की और कुछ ही मिनटों में आरोपी स्वप्निल यादव (22), निवासी सुकुलपारा खरौद तथा एक विधि के विरुद्ध संघर्षरत बालक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में दोनों ने वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी स्वप्निल यादव के कब्जे से 300 रुपये और अपचारी बालक के कब्जे से 150 रुपये नकद तथा घटना में इस्तेमाल किया गया स्टील का कड़ा जब्त किया है।

पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 353/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 127(2), 309(6) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को 25 नवंबर को गिरफ्तार किया गया था, जबकि 26 नवंबर को दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

इस कार्रवाई में TI उप निरीक्षक केपी सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक गोपी सिंह, एम. पुष्पा, सहायक उप निरीक्षक संतोष बंजारे, आरक्षक टुकेश्वर डडसेना, रामकुमार, राजेश कौशिक, यशवंत पाटले सहित थाना शिवरीनारायण के पुलिस स्टाफ का योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button