रायपुर में यातायात सुधार की नई पहल, हर थाना क्षेत्र में बनेगी पार्किंग मुक्त सड़क और नो वेंडिंग जोन

- पहले दिन 120 वाहनों पर चालानी कार्रवाई, सड़क से हटाए गए अवैध पार्किंग और ठेले
रायपुर, 25 नवंबर 2026। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुव्यवस्थित और बाधारहित बनाने के लिए यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने विशेष अभियान शुरू किया है। इसके तहत शहर के प्रत्येक यातायात थाना क्षेत्र में एक सड़क को पार्किंग मुक्त सड़क और नो वेंडिंग जोन बनाया जाएगा। अभियान के पहले ही दिन नो पार्किंग में खड़े 120 वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही यातायात में बाधा बन रहे वाहनों, ठेलों और अस्थायी दुकानों को सड़क से हटाया गया।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन और डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य सड़कों पर अव्यवस्थित पार्किंग और अतिक्रमण के कारण होने वाली यातायात समस्याओं को दूर करना है। इसके लिए सभी यातायात थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र की एक सड़क चिन्हित कर उसे पार्किंग मुक्त और नो वेंडिंग जोन बनाने की जिम्मेदारी दी गई है।
अभियान के प्रथम दिवस सभी यातायात थाना क्षेत्रों में निर्धारित सड़कों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान नो पार्किंग में खड़े 120 वाहनों के चालान काटे गए। यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों को हटाने के साथ ही सड़क किनारे अव्यवस्थित रूप से लगाए गए ठेले और अस्थायी दुकानों को भी हटाया गया। सड़क के बाधित हिस्सों को खाली कराकर आवागमन सुचारु बनाने की व्यवस्था की गई।
प्रतिदिन होगी कार्रवाई
यातायात पुलिस के अनुसार यह अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रत्येक यातायात TI अपने क्षेत्र की चिन्हित सड़क को पार्किंग मुक्त और नो वेंडिंग जोन बनाने के लिए प्रतिदिन कार्रवाई करेंगे। इसके माध्यम से चरणबद्ध तरीके से शहर की सड़कों को व्यवस्थित किया जाएगा और अवैध पार्किंग व अतिक्रमण पर नियंत्रण किया जाएगा।
यातायात पुलिस ने नागरिकों, व्यापारियों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें। सड़क और फुटपाथ पर वाहन पार्क करने, ठेले लगाने अथवा रेत, गिट्टी, कंडम वाहन और अन्य सामग्री रखकर आवागमन बाधित न करें। पुलिस ने शहरवासियों से यातायात नियमों का पालन करने और रायपुर की यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने में सहयोग करने की अपील की है।




