Chhattisgarh

जिले में 1,142 किलो गांजा और 63 वाहन जब्त, एनडीपीएस के 59 मामलों में 133 आरोपी गिरफ्तार; सड़क सुरक्षा को लेकर भी बनी कार्ययोजना

सारंगढ़ बिलाईगढ़, 25 नवंबर। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ाने की तैयारी की है। इस संबंध में आयोजित बैठक में कलेक्टर एवं SP ने सड़क सुरक्षा, ब्लैक स्पॉट की पहचान, यातायात नियमों के पालन, पॉक्सो एक्ट के प्रकरणों तथा एनडीपीएस के तहत की गई कार्रवाई की समीक्षा की। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में पिछले तीन से पांच वर्षों के सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों का विश्लेषण कर दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) की पहचान करने पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने पुलिस, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, परिवहन विभाग एवं स्थानीय निकायों को संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्य निर्धारित करने के निर्देश दिए। साथ ही दुर्घटना संभावित स्थलों का जीआईएस आधारित मानचित्र तैयार करने और सड़कों की चौड़ाई, दृश्यता, मोड़, जंक्शन एवं गति सीमा का तकनीकी परीक्षण कराने को कहा।

सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक स्थानों पर चेतावनी संकेतक, रंबल स्ट्रिप, रिफ्लेक्टर, क्रैश बैरियर, ट्रैफिक सिग्नल, जेब्रा क्रॉसिंग एवं पैदल पार पथ विकसित करने पर जोर दिया गया। जर्जर सड़कों की मरम्मत, गड्ढों की भराई, रोड मार्किंग और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

SP सुनील शर्मा ने बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, तीन सवारी, तेज गति, शराब पीकर वाहन चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने वालों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाने पर जोर दिया। स्कूल बसों, यात्री वाहनों एवं भारी वाहनों की फिटनेस जांच के साथ बिना लाइसेंस और नाबालिग वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। तेज गति पर नियंत्रण के लिए स्पीड गन, सीसीटीवी कैमरे और नियमित पुलिस जांच को भी कार्ययोजना में शामिल किया गया।

ग्राम पंचायतों में बनेंगे यातायात पार्क सह शिक्षण केंद्र

बच्चों एवं युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चयनित ग्राम पंचायतों और नगरीय क्षेत्रों में यातायात पार्क सह शिक्षण केंद्र स्थापित करने की कार्ययोजना पर चर्चा हुई। इन केंद्रों में मॉडल सड़क, चौराहा, ट्रैफिक सिग्नल, सड़क संकेतक और यातायात नियमों का प्रदर्शन किया जाएगा। विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के साथ ऑडियो-वीडियो एवं डिजिटल शिक्षण सामग्री की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। यहां नियमित जागरूकता कार्यक्रम और प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

दुर्घटना पीड़ितों को मिलेगी त्वरित चिकित्सा सुविधा

कलेक्टर ने सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को न्यूनतम समय में राहत, बचाव एवं चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए एम्बुलेंस और चिकित्सा दल की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। SP ने दुर्घटना की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने तथा पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।

पॉक्सो के एक प्रकरण में चालान प्रस्तुत करना शेष

बैठक में आपराधिक दोषमुक्ति प्रकरणों और पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज मामलों की भी समीक्षा की गई। जानकारी के अनुसार आपराधिक दोषमुक्ति के समीक्षा योग्य प्रकरण निरंक हैं, जबकि पॉक्सो एक्ट के तहत विवेचना में एक प्रकरण लंबित है, जिसमें चालान प्रस्तुत किया जाना शेष है। कलेक्टर एवं SP ने संवेदनशील मामलों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित समय-सीमा में वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।

एनडीपीएस के 59 मामलों में 133 आरोपियों पर कार्रवाई

अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और कारोबार के खिलाफ जिले में की गई कार्रवाई की समीक्षा के दौरान बताया गया कि 1 जनवरी से 16 नवंबर 2026 तक एनडीपीएस एक्ट के तहत गांजा तस्करी के 57 प्रकरण दर्ज किए गए। इन मामलों में 129 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 1,142.6 किलोग्राम गांजा और 60 वाहन जब्त किए गए।

वहीं कोरेक्स कफ सिरप से संबंधित दो प्रकरणों में चार आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इस दौरान 203 नग कफ सिरप और तीन वाहन जब्त किए गए। इस प्रकार जिले में एनडीपीएस एक्ट के कुल 59 प्रकरणों में 133 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 63 वाहन जब्त किए गए हैं।

कलेक्टर ने अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए संबंधित विभागों को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। SP सुनील शर्मा ने तस्करी और बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई करने तथा ऐसी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने को कहा।

Related Articles

Back to top button