Chhattisgarh

कोरबा में सड़क किनारे बेतरतीब वाहन खड़े करने वालों पर होगी कार्रवाई, दर्री पुलिस ने ट्रक-ट्रेलर चालकों को दी चेतावनी

कोरबा, 25 नवंबर 2026। जिले के दर्री थाना क्षेत्र में मुख्य मार्ग और सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से ट्रक एवं ट्रेलर खड़े करने वाले वाहन चालकों को पुलिस ने सख्त चेतावनी दी है। दर्री पुलिस ने वाहन मालिकों और चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़े करने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

दरअसल, दर्री थाना क्षेत्र के मुख्य मार्गों पर भारी वाहनों के चालक अक्सर ट्रक और ट्रेलर सड़क अथवा सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े कर देते हैं। इससे आम नागरिकों के आवागमन में परेशानी होती है। साथ ही यातायात बाधित होने और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।

आम नागरिकों की सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से दर्री पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी है। पुलिस ने कहा है कि ट्रक एवं ट्रेलर चालक अपने वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें। मुख्य मार्ग और सड़क किनारे अनावश्यक पार्किंग करने से बचें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

दर्री पुलिस ने साफ किया है कि सड़क पर वाहन खड़ा कर आवागमन बाधित करने अथवा यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित वाहन चालक और वाहन मालिक के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

Related Articles

Back to top button