मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली दवाइयों का कारोबार, आबकारी विभाग ने मारी रेड, 207 कफ सिरप और 3600 प्रतिबंधित टैबलेट जब्त

सरगुजा 24 नवंबर 2026 । छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अंबिकापुर में आबकारी विभाग ने नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा की टीम ने न्यू अनुष्का मेडिकल स्टोर पर दबिश देकर करीब 2 लाख रुपये कीमत की प्रतिबंधित दवाइयां जब्त की है। कार्रवाई के दौरान 207 नग कफ सिरप और 3600 प्रतिबंधित टैबलेट बरामद की गई है। मामले में मेडिकल स्टोर संचालक राजेश समद्दार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अंबिकापुर के सुभाषनगर वार्ड क्रमांक-2 स्थित न्यू अनुष्का मेडिकल स्टोर से नशीली कफ सिरप और प्रतिबंधित टैबलेट बेची जा रही हैं। सूचना की पुष्टि के लिए पहले मेडिकल स्टोर से दवाइयों की खरीदी कराई गई। इसके बाद आबकारी विभाग की टीम ने दुकान में दबिश दी।
दुकान की जांच के दौरान पीछे स्थित एक कमरे से 132 नग मैग्नाटस-टी कफ सिरप, 75 नग एपकोर्स कफ सिरप और 3600 नग प्रतिबंधित टैबलेट बरामद की गईं। इस तरह कुल 207 नग कफ सिरप और 3600 टैबलेट जब्त की गई हैं। जब्त दवाइयों की कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है।
आबकारी विभाग ने आरोपी मेडिकल स्टोर संचालक राजेश समद्दार के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने दवाइयां उत्तर प्रदेश से लाने की बात बताई है। आबकारी विभाग अब इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और दवाइयों की सप्लाई के नेटवर्क की जांच कर रहा है।
इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता, आबकारी उपनिरीक्षक टी.आर. केहरी, अनिल गुप्ता, आबकारी आरक्षक दीपक पांडे, आशीष कुंज और नगर सैनिक गणेश पांडे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




