मितानिनों का सम्मान, सेवा को सलाम: करतला में 45 मितानिन बहनों को साल, श्रीफल व थर्मस देकर किया गया सम्मानित

कोरबा/करतला, 23 नवंबर 2026 । छत्तीसगढ़ मितानिन कार्यक्रम के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करतला स्थित मितानिन सदन में मितानिन सम्मान दिवस का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में करतला सेक्टर की लगभग 45 मितानिनों को उनके उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवा योगदान के लिए साल, श्रीफल एवं थर्मस भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि मितानिन बहनों ने पिछले 25 वर्षों से गांव-गांव तक स्वास्थ्य सेवाओं को पहुंचाने, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, पोषण, जनजागरूकता तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूत कड़ी के रूप में मितानिनों का योगदान अतुलनीय है।

इस अवसर पर विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि सिंह ने मितानिनों की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि समाज को स्वस्थ बनाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी मितानिनों को भविष्य में भी इसी समर्पण और सेवा भावना के साथ कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में ब्लॉक समन्वयक (मितानिन कार्यक्रम) मनहरण पटेल, ट्रेनर रामकुमार साहू, बीपीएम बघेल, द्वारिका प्रसाद ध्रुव, महावीर पटेल सहित बड़ी संख्या में मितानिन बहनें उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में सभी सम्मानित मितानिनों का सामूहिक अभिनंदन किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।




